बहराइच में एक युवती की छह माह पूर्व शादी हुई। शादी के बाद से पति व ससुरालीजन ने अपाची बाइक, एसी व दो लाख नगदी की मांग को लेकर मारपीट कर उत्पीड़न शुरू हुआ। शादी के एक माह बाद ही मारपीट कर युवती को घर से भगा दिया। सितम्बर माह में पति ने मोबाइल फोन से गाली गलौज की और तीन तलाक दे दिया। पीड़िता की तहरीर पर थाने में केस दर्ज न होने पर जन शिकायत प्रकोष्ठ में हुई शिकायत के बाद पति सहित आठ पर जिला महिला थाने में केस दर्ज किया गया है।
नगर कोतवाली के बड़ी हाट, रंगरेज मस्जिद निकट निवासी अब्दुल तव्वाब की बेटी रूबा की 5 मई को फखरपुर थाने के कुड़वा गांव निवासी रियाज खां पुत्र अब्दुल रहमान उर्फ बाबू खां के साथ हैसियत के अनुसार दान दहेज देकर शादी हुई थी। शादी के बाद पति व ससुराल वालों ने दहेज में रूबा से मायके वालों से अपाची बाइक, एसी व दो लाख नगदी की मांग की। रूबा ने पारावारिक आर्थिक तंगी के चलते असमर्थता जताई। तो उसे मारपीट कर उत्पीड़न किया जाने लगा। 12 जून को उसे पति व ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से भगा दिया।
पीड़िता ने मायके में पनाह ली। 8 सितम्बर को पति ने मोबाइल फोन से रूबा को काल कर गाली गलौज कर तीन तलाक दे दिया। पीड़िता ने फखरपुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने केस ही दर्ज नही किया। तब पीड़िता ने जन शिकायत प्रकोष्ठ में तहरीर दी। जिस पर जिला महिला थाने में पति सहित आठ लोगों को नामजद कर मारपीट कर उत्पीड़न, दहेज व मुस्लिम विवाह मे महिला के अधिकार का संरक्षण अधिकार अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।