जहर देकर दबा दिया गला… अफेयर के विरोध पर शादीशुदा बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर ली मां की जान

हरियाणा के नूंह जिले के अलावलपुर गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही मां की हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी बेटी मुस्कान को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है.

पुलिस के अनुसार, 45 वर्षीय रुखसाना पत्नी इजहार की इकलौती संतान मुस्कान ने अपने प्रेमी जावेद के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. रुखसाना को पहले जहरीला पदार्थ दिया गया और फिर गला दबाकर हत्या कर दी गई. घटना रविवार-सोमवार की रात की है. पुलिस ने बताया कि मुस्कान ने जावेद को फोन कर बुलाया और घटना को अंजाम दिया गया. बताया जा रहा है कि मृतका अपनी बेटी के प्रेम संबंधों का विरोध करती थी. 

ग्रामीणों का कहना है कि मुस्कान की शादी पांच महीने पहले पलवल जिले के मलाई गांव में हुई थी, लेकिन उसके गांव के ही जावेद के साथ अवैध संबंध हो गए थे. मृतका रुखसाना इन संबंधों का विरोध करती थी और इस बारे में परिवार और जावेद के परिजनों को भी जानकारी दे दी थी. यह बात प्रेमी-प्रेमिका को इतनी खटकने लगी कि उन्होंने रुखसाना को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया.

इस मामले पर डीएसपी नूंह सुरेंद्र किन्हा ने बताया कि हत्या की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी, हालांकि शुरुआती जांच में यह साफ हो गया है कि गला दबाकर ही रुखसाना की हत्या की गई. पूरे गांव में इस घटना से मातम पसर गया है, और मां-बेटी के रिश्ते पर इस खौफनाक वारदात ने गहरा धब्बा लगा दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *