कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में डॉक्टर बिटिया के कातिल संजय रॉय से सीबीआई लगातार पूछताछ कर रही है. डॉक्टर बिटिया के रेप-मर्डर की गुत्थी सुलझाने में सीबीआई को कड़ी मशक्कित करनी पड़ रही है. इस बीच ट्रेनी डॉक्टर का कातिल संजय रॉय दुनिया के सामने आया है. सीबीआई अफसर और सुरक्षाकर्मियों की भारी भीड़ में आरोपी संजय रॉय को सियालदह अदालत में पेश किया गया. जब संजय रॉय को लेकर सीबीआई अदालत पहुंची तो वहां काफी गहमा-गहमी भरा नजारा था. पत्रकारों और लोगों की भीड़ से सुरक्षित बचाते हुए सीबीआई ले गई.
दरअसल, आरजी कर कॉलेज और अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और मर्डर के मुख्य आरोपी संजय रॉय को आज सीबीआई ऑफिस से कोलकाता से सियालदह कोर्ट ले जाया गया. इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम दिखे. वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे उसकी सुरक्षा में दोनों ओर सुरक्षाकर्मी खड़े हैं ताकि कोई अनहोनी न हो या फिर कोई दरिंदे पर हमला न करे. भारी-भरकम सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उसे अदालत में पेश किया गया. बता दें कि आज उसकी पुलिस हिरासत खत्म हो रही थी.
वीडियो में देखा जा सकता है कि वहां मौजूद पत्रकार उस दरिंदे से सवाल पूछने की कोशिश कर रहे हैं, मगर अधिकारी उसे सीधा ले जाते दिख रहे हैं. आरोपी संजय का चेहरा कपड़े से ढका हुआ है और उसके साथ सीबीआई के अफसर मौजूद हैं. बता दें कि संजय रॉय पर आरोप है कि उसने ही ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हत्या की है. 9 अगस्त की सुबह आरजी कर अस्पताल के सेमिनार हॉल में महिला डॉक्टर का शव मिला था. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उसके साथ रेप की पुष्टि हुई थी.
इस घटना के सामने आने के बाद से ही पूरे देश में विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं. डॉक्टर्स कई दिनों तक हड़ताल पर थे. मगर सुप्रीम कोर्ट ने जब गुरुवार को हड़ताल खत्म करने की अपील की, तब जाकर डॉक्टरों ने हड़ताल वापस ली. पूरे देश में आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं. इस बीच गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में कोलकाता पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे. सुप्रीम कोर्ट ने यह ऑब्जर्व किया कि पोस्टमॉर्टम होने और शव का अंतिम संस्कार किए जाने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई.