भारी बारिश का अलर्ट: मॉनसून की तबाही जारी, इन राज्यों में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मॉनसून की ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति के करीब है। पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके अलावा, 25 अगस्त के आसपास ओडिशा-पश्चिम बंगाल तटों के पास बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और तूफान की स्थिति बन सकती है।

झारखंड और ओडिशा में 22 अगस्त को अति भारी बारिश की संभावना है। अगले 6-7 दिनों तक मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ में आज और कल बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। अगले पांच दिनों तक इस क्षेत्र में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

किन राज्यों में होगी भारी बारिश

राजस्थान में 22 और 23 अगस्त को अति भारी बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में अगले सात दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। गुजरात के उत्तरी हिस्सों में 23 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश होगी। यहां 25 अगस्त से फिर से भारी बारिश की संभावना है। कोंकण और गोवा में 26 से 28 अगस्त तक बहुत भारी बारिश के आसार हैं। गुजरात तट पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *