अंतरधार्मिक प्रेमी जोड़े के मिलन से बिगड़ा माहौल, रेलवे स्टेशन पर दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प

देहरादून रेलवे स्टेशन पर एक मुस्लिम लड़की को एक हिंदू लड़के के साथ घूमते हुए पाए जाने के बाद यहां सांप्रदायिक तनाव फैल गया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों समुदायों के सदस्यों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके और दोपहिया वाहनों को नुकसान पहुंचाया. हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया जिससे एक बड़ी घटना टल गयी.

घटना गुरुवार रात को हुई. पुलिस ने कहा कि लड़का और लड़की दोनों नाबालिग हैं और उत्तर प्रदेश के बदायूं के रहने वाले हैं और एक-दूसरे को जानते हैं. उन्होंने कहा कि लड़की कथित तौर पर यहां के सेलाकुई इलाके में काम करने वाले लड़के से मिलने के लिए अपने घर से भाग गई थी.

उन्होंने कहा कि देहरादून पहुंचने पर उसने लड़के को बुलाया जो उससे मिलने रेलवे स्टेशन आया था.  रेलवे पुलिस कर्मियों ने उन्हें देर रात घूमते हुए देखा और उनसे पूछताछ की.अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने उसके माता-पिता से संपर्क किया और पता चला कि बदायूं के एक पुलिस स्टेशन में उनके द्वारा गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी.

ऐसा माना जा रहा है कि लड़की के माता-पिता ने घटना के बारे में देहरादून में अपने जानने वाले लोगों से बात की. देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने पीटीआई को बताया कि जल्द ही दोनों समुदायों के लोग रेलवे स्टेशन के बाहर एकत्र हो गए और जाहिर तौर पर उनके बीच तीखी नोकझोंक हुई. उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों द्वारा रेलवे स्टेशन के बाहर खड़े कुछ दोपहिया वाहनों को क्षतिग्रस्त करने और पथराव किए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची.

घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे एसएसपी ने बताया कि भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया. उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन के बाहर तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है. इस बीच, शुक्रवार दोपहर शहर के पलटन बाजार और घंटाघर इलाकों में तनाव फैल गया, जब रेलवे स्टेशन के बाहर हुई तोड़फोड़ के सिलसिले में पुलिस ने विकास वर्मा नामक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया.

वर्मा की हिरासत के विरोध में व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और उनकी तत्काल रिहाई तथा एसएसपी को हटाने की मांग करते हुए धरना दिया. बजरंग दल के राज्य समन्वयक अनुज वालिया ने कहा, “विकास वर्मा हिंदुत्व की आवाज हैं. हम उनकी तत्काल रिहाई और एसएसपी को हटाने की मांग करते हैं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *