MI vs DC मैच पर बारिश का तगड़ा साया, वानखेड़े स्टेडियम में मैच धुला तो किसे मिलेगा प्लेऑफ का टिकट? समझें समीकरण

Wankhede Stadium Weather Update- मुंबई इंडियंस वर्सेस दिल्ली कैपिटल्स IPL 2025 का 63वां मैच आज यानी बुधवार, 21 मई को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है। MI vs DC मैच भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा, जबकि टॉस के लिए दोनों कप्तान -हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल- आधा घंटा पहले मैदान पर उतरेंगे। मुंबई और दिल्ली, प्लेऑफ में पहुंचने के लिए दोनों टीमों के लिए यह मैच अहम है, हालांकि इंद्रदेव की कुछ और ही मर्जी है। दरअसल, MI vs DC मैच पर बारिश का तगड़ा साया है और उम्मीद जताई जा रही है कि यह मैच बारिश के चलते रद्द भी हो सकता है। ऐसे में दोनों टीमों की प्लेऑफ की रेस पर क्या असर पड़ेगा और मुंबई इंडियंस या दिल्ली कैपिटल्स में से किसे प्लेऑफ का टिकट मिलेगा ये देखने वाली बात होगी। आईए जानते हैं-
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम के मौसम का हाल

मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ियों व फैंस के लिए बुरी खबर यह है कि आज मुंबई में बारिश होने की 80 प्रतिशत संभावनाएं हैं। आमतौर पर इतनी संभावना में मैच होना मुश्किल होता है। मगर, मगर, मगर…रात होते होते बारिश होने की संभावनाओं में थोड़ी कटौती है। हालांकि मैच के कुछ हिस्सों में बारिश की रिपोर्ट है, जिस वजह से मैच पर खलल पड़ सकती है और मैच रुक रुक कर हो सकता है।
MI vs DC मैच धुला तो क्या होगा?

मुंबई इंडियंस वर्सेस दिल्ली कैपिटल्स मैच धुलता है तो दोनों टीमों के बीच 1-1 अंक बांटा जाएगा। एमआई फिहाल 14 पॉइंट्स के साथ चौथे तो डीसी 13 पॉइंट्स के साथ पांचवें पायदान पर हैं। प्लेऑफ के आखिरी स्पॉट के लिए यह दोनों टीमें ही लड़ रही है। MI vs DC मैच धुलने से मुंबई के खाते में 15 तो दिल्ली के खाते में 14 अंक हो जाएंगे। दोनों टीमों का आखिरी मैच पंजाब किंग्स के खिलाफ है।

यह मैच धुलने के बाद मुंबई इंडियंस की किस्मत उनके हाथों में रहेगी। अगर MI पंजाब किंग्स को हरा देती है तो उन्हें प्लेऑफ का टिकट मिल जाएगा। वहीं दिल्ली को पंजाब किंग्स को हराने के साथ-साथ दुआ करने हीगी कि मुंबई इंडियंस अपना आखिरी मैच हार जाए।
आईपीएल का नया नियम कर सकता है कुछ मदद

इंडियन प्रीमियर लीग ने बुधवार को एक विशेष नियम की घोषणा की, जिसके तहत मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए शेष खेलों के लिए एक घंटे का अतिरिक्त समय आवंटित किया गया। इसका मतलब यह है कि सबसे छोटे खेल (5 ओवर प्रति टीम) के लिए कट-ऑफ पहले रात 10:56 बजे था, लेकिन इसे एक घंटे आगे बढ़ाकर रात 11:56 बजे कर दिया जाएगा। हालांकि इससे फैंस को थोड़ी परेशानी हो सकती है, लेकिन इससे दोनों टीमों को खेल खत्म करने का सबसे अच्छा मौका मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *