मंत्री लेसी सिंह हादसे की शिकार; हाथ में फ्रैक्चर, ICU में भर्ती, सीएम नीतीश ने फोन से पूछा हाल

बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह शनिवार को पूर्णिया में हादसे की शिकार हो गईं। पूर्णिया जिला स्कूल में निरीक्षण के दौरान वे सीढियों से फिसल कर गिर गईं जिसमें उनके दाहिने हाथ में फ्रैक्चर आ गया है। उनके पैर और कमर में भी चोट आई है। कैबिनेट मंत्री लेसी सिंह का एक निजी अस्पताल के आईसीयू में इलाज कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फोन करके उनसे बात की और हाल चाल का जायजा लिया है। मंत्री विजय चौधरी ने भी उनसे मुलाकात की।

मंत्री लेसी सिंह इन दिनों पूर्णिया में ग्राम गौरव यात्रा पर हैं। शनिवार को जिला स्कूल में निरीक्षण के लिए वे गई थीं। इसी दौरान मंत्री दुर्घटना का शिकार बन गईं। जानकारी के मुताबिक स्कूल में निरीक्षण के दौरान मंत्री लेसी सिंह का पैर अचानक फिसल गया। इससे अनियंत्रित होकर वे नीचे गिर गईं। हालांकि खुद को बचाने के लिए उन्होंने दाहिने हाथ से रोकने की कोशिश की। झटका लगने से उनके दाहिने हाथ में फ्रैक्चर आ गया। उनके समर्थकों ने आनन फानन में उन्हें एक निजी अस्पताल में पहुंचाया जहां आईसीयू में भर्ती कराया गया है। मंत्री के दुर्घटना की खबर चारों ओर फैल गयी जिसके बाद अस्पताल में उनके समर्थकों का जमावड़ा लग गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार घटना की जानकारी मिलने के बाद सीएम नीतीश कुमार ने फोन कर हाल-चाल जाना है। लेसी सिंह का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

लेसी सिंह से मिलने अस्पताल पहुंचे पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने मुलाकात के बाद बताया कि उनकी हालत ठीक है। संतोष कुशवाहा ने दाहिने हाथ की कलाई में जख्म और फ्रैक्चर होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि जिला स्कूल में सीढ़ी चढ़ने के समय पैर फिसलने से वे गिर गई थी। घायल होने के कारण लेसी सिंह जिले की दिशा की बैठक में शामिल नहीं हो पाई। डॉक्टरों की और से उन्हें स्वास्थ्य लाभ की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *