पाकिस्तान की एक विधानसभा में जमकर बवाल हुआ है। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में विधायकों के बीच जमकर लात-घूसे चल रहे हैं। यह घटना खैबर पख्तूनख्वा विधानसभा की है। पीटीआई के एक विधायक ने कैबिनेट मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। मंत्री के समर्थकों को यह बात पसंद नहीं आई। इसके बाद सदन में ही बवाल शुरू हो गया। दोनों पक्ष के विधायकों के बीच जमकर मारपीट हुई।
विधायकों के बीच मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गुलाम अब्बास शाह के द्वारा शेयर किया गया है। उन्होंने पोस्ट का कैप्शन दिया, ‘पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा विधानसभा में सरकार और विपक्षी सदस्यों के बीच झड़प हो गई, जिसमें दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले और कपड़े भी फट गए।’
आपको बता दें कि बीते मंगलवार को खैबर पख्तूनख्वा विधानसभा में विशेष सत्र बुलाया गया था। सदन चल रहा था। इसी दौरान राहत मामलों के विशेष सहायक नेक मोहम्मद दावर के समर्थकों ने दक्षिण वजीरिस्तान से पीटीआई विधायक इकबाल वजीर के खिलाफ गंदी भाषा का इस्तेमाल किया। इससे ठीक दो दिन पहले मोहम्मद दावर और इकबाल वजीर के बीच भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर बहस हुई थी। इसके बाद दोनों के समर्थक आपस में ही भिड़ गए।
विधानसभा में मौजूद सुरक्षाबलों ने दोनों पक्षों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन वे किसी की भी बात सुनने को तैयार नहीं थे। यह हंगामा काफी देर तक चला। आखिरकार उन्हें शांत करने में सफलता मिली। आपको बता दें कि विधानसभा स्पीकर के सदन से जाते ही हंगामा हुआ मारपीट हुई।