छेड़छाड़ फिर धर्म परिवर्तन का दबाव…युवक की हरकतों से तंग आकर पॉलिटेक्निक छात्रा ने की आत्महत्या

यूपी के संभल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक पॉलिटेक्निक छात्रा ने फांसी लगा जान दे दी। रविवार सुबह उसका शव कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। परिजनों का आरोप है कि मोहल्ले का ही एक युवक को बहुत दिनों से परेशान कर रहा था और उस पर धर्म परिवर्तन कर शादी का दबाव बना रहा था। हालांकि पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी मामला दर्ज नहीं किया गया है।

नगर के एक मोहल्ला की रहने वाली एक युवती बदायूं के एक कॉलेज में पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रही थी। रविवार सुबह उसका शव कमरे में दुपट्टे से पंखे से लटका हुआ मिला। यह देख परिजनों के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में पुलिस को दी तहरीर में परिजनों ने बताया कि मोहल्ले का ही दूसरे समुदाय का युवक बेटी को कई दिनों से परेशान कर रहा था। आए दिन वह छेड़छाड़ करता था।

इतना ही नहीं वह बेटी पर लगातार धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था और शादी के लिए भी कहता था। उन्होंने बेटी का दाखिला बीती 18 अगस्त को बदायूं के एक पॉलीटेक्निक कालेज में कराया था। बेटी बदायूं में ही अपनी बहन के यहां रहती थी। बीती 30 सितंबर को युवक ने कॉलेज से वापस जाते समय बेटी को घेरकर छेड़छाड़ की थी। मां ने आरोप लगाया कि छेड़छाड़ और धर्म परिवर्तन के दबाब के चलते बेटी ने फांसी लगाकर जान दी है।

इस मामले एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि बदायूं के एक पॉलीटेक्निक कालेज की छात्रा ने घर आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर कोई सुसाइट नोट नहीं मिला है। शाम को परिजनों ने तहरीर दी है। इसमें परिजनों ने युवक पर परेशान का आरोप लगाकर आत्महत्या करने की बात कही है। अन्य आरोप भी लगाए हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *