सोमवार का दिन बॉक्स ऑफिस के लिए हमेशा चुनौतीपूर्ण माना जाता है और इस बार भी कई फिल्मों की कमाई में गिरावट देखने को मिली। खासकर विवादों में घिरी ‘द केरल स्टोरी 2’ का मंडे टेस्ट कुछ खास साबित नहीं हुआ। इसके अलावा ‘अस्सी’, ‘ओ रोमियो’ और हॉलीवुड फिल्म ‘स्क्रीम 7’ का बॉक्स ऑफिस पर क्या हाल है?
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने सोमवार को 2.65 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। जबकि रविवार को इसने 4.75 करोड़ रुपये कमाए थे। साफ है कि एक दिन में ही फिल्म की कमाई लगभग आधी रह गई। चार दिनों में ‘द केरल स्टोरी 2’ का कुल कलेक्शन 12.80 करोड़ रुपये तक पहुंच पाया है। शुरुआत भले ही ठीक-ठाक रही हो, लेकिन सोमवार की गिरावट फिल्म के घटते क्रेज की ओर इशारा करती है।
वहीं, फिल्म अस्सी की हालत और भी कमजोर नजर आई। रिलीज के ग्यारहवें दिन इस फिल्म ने महज 21 लाख रुपये की कमाई की। रविवार को इसका कलेक्शन 50 लाख रुपये था, लेकिन सोमवार आते-आते यह आंकड़ा लाखों में सिमट गया। संवेदनशील विषय पर बनी इस फिल्म का कुल कलेक्शन अब तक 8.71 करोड़ रुपये ही हो पाया है, जो उम्मीद से कम माना जा रहा है।
ओ रोमियो की रफ्तार भी धीमी पड़ती दिख रही है। शाहिद कपूर स्टारर इस फिल्म को रिलीज हुए 18 दिन हो चुके हैं। सोमवार को इसने 65 लाख रुपये कमाए, जबकि रविवार को इसकी कमाई 1.15 करोड़ रुपये थी। फिल्म का कुल कलेक्शन अब तक 65.80 करोड़ रुपये हो चुका है। हालांकि यह 50 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है, लेकिन इसकी रफ्तार अब काफी सुस्त हो गई है।
हॉलीवुड फिल्म स्क्रीम 7 का प्रदर्शन भी भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फीका ही रहा। सोमवार को फिल्म ने सिर्फ 16 लाख रुपये कमाए, जबकि रविवार को इसकी कमाई 35 लाख रुपये थी। चार दिनों में ‘स्क्रीम 7’ का कुल कलेक्शन 1.41 करोड़ रुपये तक पहुंच पाया है। कुल मिलाकर सोमवार का दिन लगभग सभी फिल्मों के लिए गिरावट भरा रहा। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में इनमें से कौन-सी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खुद को संभाल पाती है और कौन-सी रफ्तार पूरी तरह खो देती है।