छत्तीसगढ़ में मॉनसून की दस्तक: कई जिलों में भारी बारिश की संभावना, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

छत्तीसगढ़ में मॉनसून की एंट्री हो गई है। दंतेवाड़ा जिले के रास्ते छत्तीसगढ़ में मॉनसून का प्रवेश हुआ है। वहीं प्री-मॉनसून की वजह से प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हल्की, मध्यम और भारी बारिश का दौर जारी है। मॉनसून सप्ताहभर में पूरे राज्य में सक्रिय हो जाएगा। वहीं मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए 17 जिलों में बारिश का ऑरेंज और 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश के साथ बादल गरजने और आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है, साथ ही 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है। उधर बीते कई दिनों से हो रही बारिश से नौतपा का असर बिल्कुल खत्म हो गया है। बारिश की वजह से बस्तर संभाग में अधिकतम तापमान 31 डिग्री के आसपास ही है। वहीं प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.1 दंतेवाड़ा में रिकॉर्ड किया गया है।

रायपुर मौसम विभाग ने प्रदेश के सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर, दंतेवाडा, बस्तर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश के साथ बादल गरजने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 से 60 KMPH हो सकती है। वहीं नारायणपुर, कोंडागांव, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, दुर्ग और बलरामपुर जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां मेघगर्जन, आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। हवा की रफ्तार 30-40 KMPH की संभावना है। मौसम विभाने ने यह अलर्ट आगामी तीन घंटों के लिए जारी किया है।

दंतेवाड़ा जिले से छत्तीसगढ़ पहुंचा मॉनसून

बता दें कि इस बार 10 जून तक मॉनसून के छत्तीसगढ़ पहुंचने का अनुमान लगाया गया था, लेकिन 13 दिन पहले 28 मई को ही मॉनसून बस्तर संभाग तक पहुंच गया। मॉनसून पहुंचने के साथ ही दंतेवाड़ा, नारायणपुर, बस्तर, सुकमा में भारी बारिश हुई है। लगातार बारिश से अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर जारी है। इससे पहले साल 2024 में 8 जून को बस्तर में मॉनसून का आगमन हुआ था। मौसम विभाग के मुताबिक मॉनसून के आगे बढ़ने की गतिविधि बनी हुई है। वहीं प्री-मॉनसून के प्रभाव से मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। बारिश की गतिविधियां आगे भी बनी रहेंगी।

दंतेवाड़ा में न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री

मौसम विभाग के मुताबिक आसमान पर बादल छाए रहेंगे। गरज चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। नौतपा के पाँचवें दिन भी बारिश से अधिकतम तापमान में गिरावट है। प्रदेश में भीषण गर्मी तो नहीं है, लेकिन कई जिलों में उमस जरूर है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री मुंगेली जिले में रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री दंतेवाड़ा जिले में दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। एक साल पहले मई के महीने में अधिकतम तापमान 46 से 47 डिग्री पहुंच गया था।

नारायणपुर में सबसे ज्यादा 55 मिमी बारिश

रायपुर मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में नारायणपुर जिले में 55 मिमी, सुकमा में 49 मिमी, दंतेवाड़ा में 28 मिमी, बस्तर में 48.2 मिमी, गरियाबंद में 35.3 मिमी, महासमुंद में 22.2 मिमी, राजदनांदगांव में 36 मिमी, मानपुर-मोहला में 34.4 मिमी, कोरबा में 25 मिमी, कांकेर में 23.6 मिमी, धमतरी में 11 मिमी बारिश हुई है। इसके अलावा दुर्ग-भिलाई, रायपुर, बेमेतरा, बालोद, कबीरधाम, खैरागढ़-गंडई, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाई, सरगुजा, बलरामपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, बीजापुर आदि जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *