मां–बेटे की मॉर्निंग वॉक के दौरान मौत, अनियंत्रित हाईवा ने रौंदा,

बिलासपुर। तेज रफ्तार हाईवा ने मां-बेटे को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला अपने मासूम बेटे के साथ मार्निग वॉक पर निकली थी, तभी तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें रौंद दिया। इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने चक्काजाम कर दिया है। पुलिस मौके पर है और उन्हें समझाइश देने का प्रयास कर रही है।

ग्राम गतौरा के शंकर नगर निवासी मोहन लाल बंजारे प्राइवेट जॉब करता है। उसकी पत्नी गायत्री बंजारे (35) गृहणी थी। गायत्री शनिवार की सुबह करीब पांच बजे अपने सात वर्षीय बेटे परेश बंजारे के साथ अंबेडकर चौक तरफ मार्निग वॉक पर निकली थी। दोनों मां-बेटा अभी गांव के मरघट के पास पहुंची थी। तभी सुबह करीब छह बजे राखड़ लेकर आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने कुचल दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

गुस्साए लोगों ने किया चक्काजाम

इस हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर हाईवा छोड़ कर भाग निकला। जिसके बाद वहां लोगों की भीड़ जुटने लगी। पुलिस मौके पर पहुंचती इससे पहले ही उन्होंने चक्काजाम शुरू कर दिया और मृतका महिला के परिवारवालों को मुआवजा देने और भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाने की मांग करने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें समझाइश देने का प्रयास करते रहे। लेकिन, भीड़ ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया।

लोग बोले भारी वाहनों की गति पर नहीं है लगाम

इस घटना के बाद आसपास गांव के लोगों की भीड़ भी पहुंच गई। उनका कहना था कि NTPC के राखड़ डैम से दिन रात भारी वाहन गुजरते हैं, जिसकी गति पर लगाम नहीं रहता। लोगों ने दो दिन पहले ही अपनी इस समस्या को लेकर कलेक्टर से मुलाकात की थी। जिसके बाद ये हादसा हो गया। इस दौरान भीड़ को पुलिस समझाइश देने का प्रयास करती रही। वहीं भीड़ शव को लेकर हंगामा मचाती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *