रात को मंदिर ले जाए गए सांप के शिकार मां-बेटे, जहर उतारने के लिए घरवाले बजाते रहे घंटियां

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक अनोखा मामला सामने आया है. सर्पदंश से पीड़ित मां-बेटे को परिजन मंदिर लेकर पहुंच गए और घंटियां बजाकर जहर उतरने की उम्मीद करने लगे. लेकिन पीड़ितों को नहीं बचाया जा सका. अब इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है.  

जिले के भितरवार स्थित रारुआ गांव में रात करीब 1 बजे हड़कंप मच गया. खबर मिली कि अर्जुन पुत्र रामसेवक (26 साल) और रामबेटी पत्नी रामसेवक (45 साल) को रात करीब एक बजे सोते समय सांप ने काट लिया. मां को पैर में तो लड़के को गले में सांप ने दांत गड़ा दिए थे. जब लड़के की आंख खुली तो उसके गले में सांप लिपटकर बैठा हुआ था. 

जैसे-तैसे सांप को लड़के ने दूर किया और पूरी घटना अपने परिजनों को बताई. इस दौरान जब मां और बेटे की तबीयत बिगड़ने लगी. आनन-फानन में दोनों को सबसे पहले गांव स्थित दांगी बाबा के मंदिर ले जाया गया.

मान्यता है कि मंदिर में दांगी बाबा से प्रार्थना करने पर सांप का जहर उतर जाता है. लेकिन जब कोई फायदा नहीं दिखा तो एकत्रित लोग मां और बेटे को ग्वालियर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने सर्पदंश पीड़ितों को मृत घोषित कर दिया.

दोनों की मौत की खबर सुनते ही पूरे गांव में मातम पसर गया और जब मां बेटे की एक साथ अर्थी उठी तो गांव में हर एक की आंखों में आंसू थे. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *