सांसद जवाहर सरकार का इस्तीफा, कोलकाता रेप केस को लेकर ममता सरकार से थे नाराज

कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और मर्डर के मामले में तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद जवाहर सरकार ने गुरुवार को इस्तीफा दे दिया. उन्होंने उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के चेयरमैन जगदीप धनखड़ को लिखे पत्र में कहा कि वह तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा के सदस्य रूप में अपना इस्तीफा दे रहे हैं. कृपया उनका इस्तीफा स्वीकार किया जाए.

जवाहर सरकार ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘मेरा समय समाप्त हो गया है, सर! आज संसद भवन में भारत के उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ को सांसद के रूप में अपना इस्तीफा सौंप दिया. अब मैं बोलने और लिखने के लिए स्वतंत्र हूं. अब मैं तानाशाही, सांप्रदायिकता और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई को और मजबूत करूंगा.’ जवाहर सरकार ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के साथ एक तस्वीर शेयर की. 

हालांकि, ममता बनर्जी ने उन्हें मनाने की पूरी कोशिश की थी. सीएम ने जवाहर को फोन भी किया था. सूत्रों के अनुसार, सीएम ने सरकार के राज्यसभा का पद और राजनीति छोड़ने के उनके फैसले को बदलने की कोशिश की.

पिछले दिनों आजतक से बात करते हुए जवाहर सरकार ने कहा था कि मैंने लगभग एक महीने तक एक अनुशासित सांसद की तरह सब कुछ ऑब्जर्व किया और शांत रहा. मुझे लगता है कि स्थिति को संभालने में बहुत सारी गलतियां हो रही हैं और अब यह बहुत अधिक जटिल हो गई हैं. मैंने पार्टी नेतृत्व से भी बात करने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *