गणेश पूजा पर मुंबई को मिला अकुरली ब्रिज, अब वेस्टर्न एक्सप्रेसवे तक जाना बेहद आसान

मुंबई में बड़े ही धूमधाम से गणेश पूजा का आयोजन होता है। इस पावन मौके पर मुंबई के लोगों को एक नए पुल की सौगात मिली है। पहले जो उन्हें महज 1.5 किमलोमीटर की दूरी तय करने में 30 मिनट लग जाया करते थे, अब वहां के लोग चंद मिनट में इस दूरी को तय कर लेंगे। वहां के लोगों को बड़ी ट्रैफिक समस्या से निजात मिली है। मंगलवार की रात को स्थानीय सांसद और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अकुरली अंडरपास का उद्घाटन किया। इससे बोरीवली, कांदिवली, मलाड और दहिसर जैसे इलाकों के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

आपको बता दें कि यह काम वर्षों से लटका हुआ था। पीयूष गोयल ने 14 अगस्त को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के साथ इसके लेकर बैठक की थी। महज 30 दिनों के भीतर इसे खोल दिया गया। उन्होंने कहा कि यह न केवल उत्तरी मुंबई, बल्कि पूरे शहर के लिए गणेश चतुर्थी का तोहफा है।

अकुरली खंड कांदिवली रेलवे स्टेशन को वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे से और हाईवे से आगे लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स से जोड़ने वाली सबसे महत्वपूर्ण सड़कों में से एक है। यह परियोजना कई वर्षों से चल रही थी। 2020 और 2021 में यह कोविड-19 महामारी से प्रभावित हुई।

इस परियोजना की सबसे बड़ी समस्या गैस पाइपलाइन, बिजली आपूर्ति केबल और पानी की आपूर्ति लाइन को स्थानांतरित करने में थी। इस काम में लगभग नौ महीने लग गए। व्यस्त इलाका होने के कारण रात में केवल छह घंटे काम करने की अनुमति मिली थी। इस परियोजना का बड़ा हिस्सा पूरा हो चुका है, लेकिन मेट्रो का काम पूरा होना बाकी है।

इस पुल का उद्घाटन कल देर रात इलाके के सांसद पियूष गोयल ने किया। इससे बोरीवली की ओर यातायात की आवाजाही आसान हो जाएगी। चूंकि मेट्रो को विस्तार की आवश्यकता है, इसलिए बचे हुए काम को रात के समय में ही किया जाएगा। काम पूरा होने तक अगले दो सप्ताह तक हर रात 10 बजे से सुबह 8 बजे के बीच मेट्रो की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

स्थानीय निवासियों को अब वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और कांदिवली की तरफ यात्रा करने में कोई दिक्कत नहीं होगी। पहले ग्रोवेल्स मॉल जंक्शन के पास सबसे अधिकी समस्या होती थी। पुल के उद्घाटन के साथ ही लोग उम्मीद कर रहे हैं कि स्थिति में सुधार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *