मुंबई इंडियंस का सामना राजस्थान रॉयल्स से, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड में किसका पलड़ा रहा है भारी

आईपीएल 2026 का 13वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में 7 अप्रैल को शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमों (RR vs MI) के बीच आईपीएल में कांटे की टक्कर देखने को मिलती है। ऐसा ही इस मुकाबले में भी देखने को मिलेगा। दोनों टीमों में स्टार खिलाड़ियों की भरमार है।

शुरुआती दो मुकाबलों में राजस्थान के लिए सब कुछ सही रहा है। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी टीम को अच्छी शुरुआत देने में सफल रही है तो नंबर तीन पर खेलते हुए ध्रुव जुरेल ने पिछले मुकाबले में 42 गेंदों में 75 रनों की शानदार पारी खेली थी। हालांकि कप्तान रियान पराग और शिमरोन हेटमायर से भी राजस्थान को इस मुकाबले में दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे की जोड़ी राजस्थान रॉयल्स के लिए कारगर साबित हुई है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ आर्चर-तुषार ने मिलकर आखिरी 2 ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाई थी। नांद्रे बर्गर भी किफायती रहने के साथ-साथ विकेट निकालने में भी सफल रहे हैं।

वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को हराने के बाद मुंबई इंडियंस को टूर्नामेंट के अपने दूसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए थे। रोहित शर्मा ने 26 गेंदों में 35 रन बनाए थे, जबकि सूर्यकुमार यादव ने 36 गेंदों में 51 रनों का योगदान दिया था। हालांकि तिलक वर्मा, रयान रिकेल्टन और शेरफेन रदरफोर्ड बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे।

दिल्ली कैपिटल्स ने 163 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 4 विकेट खोकर 18.1 ओवर में हासिल कर लिया था। दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह और मिचेल सैंटनर गेंद से काफी किफायती रहे थे, लेकिन शार्दुल ठाकुर ने 3 ओवर में 41 रन खर्च किए थे। वहीं मयंक मारकंडे और कॉर्बिन बॉश भी महंगे साबित हुए थे।

राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस (RR vs MI) ने आईपीएल में अब तक एक-दूसरे के खिलाफ कुल 31 मुकाबले खेले हैं। इनमें से 16 में मुंबई इंडियंस ने जीत दर्ज की है, जबकि 14 मुकाबले राजस्थान रॉयल्स ने जीते हैं। राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 की शुरुआत लगातार दो जीत के साथ की है। राजस्थान की नजरें इस अंतर को कम करने पर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *