‘सिर्फ मुरली से काम नहीं चलेगा, सुरक्षा के लिए सुदर्शन भी जरूरी’, बोले CM योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को त्रिपुरा में कहा कि ‘सिर्फ मुरली से काम नहीं चलेगा बल्कि सुरक्षा के लिए सुदर्शन भी जरूरी है’. अपने संबोधन में उन्होंने पाकिस्तान पर भी निशाना साधा. सीएम योगी ने कहा, ‘पाकिस्तान एक नासूर है और जब तक इसका ऑपरेशन नहीं होगा, तब तक इस कैंसर की समस्या का समाधान नहीं होने वाला है.’

अपने भाषण में योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘जब भगवान श्रीकृष्ण की स्मृति हमारे सामने आती है तो भगवान श्रीकृष्ण के एक हाथ में मुरली है तो दूसरे हाथ में सुदर्शन भी तो है. केवल मुरली से काम नहीं चलेगा बल्कि सुरक्षा के लिए सुदर्शन भी आवश्यक है.’ उन्होंने कहा, ‘सुदर्शन जब आपके सामने होगा तो फिर किसी श्री श्री शांतिकाली महाराज को अपना बलिदान नहीं देना होगा.’ 

सीएम योगी बोले, ‘1947 से पहले वो कौन लोग थे जो भारत के विभाजन का पक्षधर बनकर मुस्लिम लीग की मंशा और कांग्रेस की सत्ता लोलुपता के चक्कर में पड़कर भारत के दुर्भाग्यपूर्ण विभाजन के लिए जिम्मेदार बने. ऐसे लोगों के बारे में सही जानकारी देने की आवश्यकता है.’

उन्होंने कहा, ‘अगर उस समय का कांग्रेस नेतृत्व और जोगिंदर नाथ मंडल मिलकर मुस्लिम लीग की मंशा पर पानी फेर देते तो कभी भी ये पाकिस्तान जैसा नासूर नहीं बनता.’ योगी ने कहा, ‘पाकिस्तान एक नासूर है जब तक इसका ऑपरेशन नहीं होगा तब तक इस कैंसर की समस्या का समाधान नहीं होने वाला है.’

उन्होंने कहा, ‘आज पाक अधिकृत कश्मीर में पाकिस्तान से अलग होकर भारत में मिलने की मांग शुरू हो गई है. बलूचिस्तान में पाकिस्तान से अलग होने की मांग खड़ी हो गई है. पाकिस्तान जब तक इस धरती पर है ये मानवता के लिए कैंसर बना रहेगा. इसका इलाज समय रहते दुनिया की ताकतों को मिलकर करना होगा और सबसे ज्यादा सतर्क भारत के लोगों को रहना होगा.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *