बिहार के जमुई जिले में पुलिस ने दो लाख के इनामी नक्सली मतला कोड़ा को गिरफ्तार किया है। सात नक्सली मामलों का आरोपी मतला कोड़ा लंबे अरसे से फरार चल रहा था। सुनील कोड़ा उर्फ अभिजीत उर्फ मतला कोड़ा के गिरफ्तारी की जानकारी शुक्रवार को एसपी चंद्र प्रकाश ने प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि भीमबांध और अन्य सीमावर्ती जंगलों में नक्सल गतिविधि की सूचना मिली थी। संगठन को मजबूत करने की फिराक में झारखंड से कुछ नक्सलियों को बुलाने की भी जानकारी सामने आई है।
सूचना के बाद एएसपी अभियान के नेतृत्व में एसडीपीओ, मुख्यालय डीएसपी, बरहट थानाध्यक्ष, सीआरपीएफ 215 बटालियन, एसएसबी 16 वीं बटालियन सहित कजरा एसएसबी के साथ एक टीम गठित की गई। उंसके बाद टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। इसमें नक्सली के मुसहरी टांड़ में होने की खबर मिली। गठित टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तालाशी शुरू की।
इस दौरान पुलिस को देख एक व्यक्ति भागने लगा जिसे खदेड़कर पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम मतला कोड़ा, घर मुशहरी टांड़, बरहट बताया। गिरफ्तार मतला कोड़ा पूर्बी बिहार पूर्वोत्तर सारखंड स्पेशल एरिया कमेटी का सक्रिय सदस्य है।
वर्तमान में पूर्वी बिहार पूर्वोत्तर झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी के सबसे बड़े गढ़ पारसनाथ की पहाड़ियों में भाकपा माओवादी संगठन के शीर्ष नक्सली कमांडर प्रयाग मानी उर्फ विवेक दा, सचिव सहदेव सोरेन उर्फ प्रवेश दा, प्रवक्ता अरविंद यादव के साथ सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। इसके विरुद्ध जमुई, लखीसराय, मुंगेर तथा झारखंड में सात नक्सली मामले दर्ज हैं। बिहार सरकार ने इस नक्सली की गिरफ्तारी के लिए दो लाख इनाम रखा था।