छत्तीसगढ़ की धरती में बेशकीमती खजाना: लिथियम के भंडार मिलने से राज्य में खुशी की लहर, नई संभावनाएं शुरू

छत्तीसगढ़ में जमीन के नीचे भारी मात्रा में खजाना की खोज हुई है। ‘मेसर्स डेक्कन गोल्ड माइनिंग लिमिटेड’ ने हाल ही में राज्य के ज्वाइंट लाइसेंस एरिया में तीन कीमती खनिजों की खोज की है। इन खनिजों के नाम निकल, क्रोमियम और प्लेटिनम हैं। अधिकारियों के मुताबिक ये खोज महासमुंद जिले के भालुकोना–जामनीडीह निकल, क्रोमियम और पीजीई ब्लॉक में हुई है। ये इलाका लगभग तीन हजार हेक्टेयर में फैला हुआ है।

इस इलाके की शुरूआती खोजबीन भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण द्वारा जी 4 स्तर पर की गई थी। इसके बाद ये संभावना दिखाई पड़ी थी कि यहां इन खनिजों की मौजूदगी हो सकती है। इस आधार पर, छत्तीसगढ़ शासन के खनिज साधन विभाग के तहत आने वाले भूविज्ञान एवं खनिकर्म संचालनालय (डीजीएम) ने आगे का काम किया। डीजीएम ने बड़े पैमाने पर भू-वैज्ञानिक आंकड़ों को जुटाया और फिर ब्लॉक की ई-नीलामी प्रक्रिया पूरी कराई।

अधिकारियों ने बताया कि छह मार्च 2023 को ब्लॉक की सफलतापूर्वक नीलामी हो गई। इसमें डीजीएमएल ने 21 फीसदी सबसे ऊंची बोली लगाकर इसे हासिल किया। इसके बाद डीजीएम छत्तीसगढ़ द्वारा खोजबीन कार्यों को तेजी से करने के लिए तकनीकी मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग प्रदान किया गया।

खनिज तत्वों की खोज की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रसन्नता जाहिर की है। उन्होंने खुश होते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक खोज राज्य और देश के लिए बेहद जरूरी खनिज संसाधनों को सुरक्षित करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।

उन्होंने कहा, यह ‘आत्मनिर्भर भारत’ मिशन की भावना को सशक्त करती है और रणनीतिक क्षेत्रों में सतत एवं आत्मनिर्भर विकास को प्रोत्साहित करती है। छत्तीसगढ़ शासन वैज्ञानिक एवं विस्तृत खनिज अन्वेषण तथा विकास को पूर्ण समर्थन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *