पेजर ब्लास्ट की खबरों से पटे अखबार, हॉस्पिटल के बाहर घायलों की भरमार… सीरियल ब्लास्ट के बाद लेबनान में खौफनाक मंजर

लेबनान और सीरिया में एक साथ कई शहरों में पेजर ब्लास्ट से हड़कंप मचा है. कई शहरों में सैंकड़ों पेजर करीब घंटे भर के अंतराल में फट गए. ताजा आंकड़ों के मुताबिक 12 लोग मारे गए हैं. इनमें 10 हिज्बुल्लाह के लडाके शामिल हैं. वहीं करीब 4000 से ज्यादा लोग जख्मी बताए जा रहे हैं. इस पेजर हमले के बाद हिज्बुल्लाह ने इजरायल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि इस साजिश के पीछे उसकी खुफिया एजेंसी मोसाद है. हिज्बुल्लाह ने बदला लेने की धमकी दी है. 

मुख्य टारगेट बेरूत रहा. बेरूत के दाहिया, बेक्का, नाबातिया, बिन्त जबैल, दक्षिणी बेरूत और दक्षिणी लेबनान के इलाके टारगेट पर रहे. सीरिया के कई इलाकों में भी करीब 100 धमाकों से हड़कंप मचा है. पेजर ब्लास्ट में हिज्बुल्लाह सांसद अली अम्मार का बेटा भी मारा गया. साथ ही लेबनान में ईरानी राजदूत मोज्तबा अमानी को भी चोटें आई हैं. उनके आंख में गहरी चोट है. 

17 सितंबर को हुए इस सीरियल ब्लास्ट के बाद से दोनों देशों में हाहाकार मचा हुआ है. लेबनान में लोग खौफ में हैं. सरकार ने लोगों से पेजर्स को तुरंत फेंकने को कहा है. हमले के अगले दिन यानी आज बुधवार को लेबनान की सड़कें खाली नजर आईं. अखबार-मैगजीन के पन्ने हमले की तस्वीरों से पटे हुए हैं. वहीं अस्पतालों के बाहर घायलों की भरमार है. चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं और हर संदिग्ध दिखने वाले शख्स से पूछताछ हो रही है.

इसके साथ ही लेबनान में स्कूल-कॉलेज व दफ्तरों के बाहर ताले लटके हुए हैं. लोग घरों से निकलने में भी डर रहे हैं. धमाकों के मद्देनजर लोगों ने पेजर्स को फेंक दिया है और अब फोन तक इस्तेमाल करने से घबरा रहे हैं. आलम ये है कि जिन फुटपाथों पर सुबह लोग सैर करते नजर आते थे, वह अब खाली पड़ी हैं. दुकानें-बाजार तक भी बंद हैं. हर तरफ लोगों में खौफ है और सवाल भी है कि आखिर पेजर्स अचानक कैसे ब्लास्ट कर गए. 

लेबनान में पेजर ब्लास्ट की ताबड़तोड़ घटनाओं को लेकर हिज्बुल्लाह ने इजरायल को बदला लेने की चेतावनी दी है. इसके बाद से इजरायल भी अलर्ट मोड में आ गया है. बुधवार को इजरायली सेना के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल हर्ज़ी हलेवी ने सभी वरिष्ठ सैन्य कमांडरों के साथ बैठक की. उन्होंने जल्द से जल्द आक्रमण और रक्षा की तैयारियों का जायजा लिया. नागरिकों को सतर्क और सजग रहने के लिए कहा गया है. हालांकि इजरायली सेना ने लेबनान में पेजर विस्फोटों के बारे में सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *