राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार को आतंकवादी-गैंगस्टर गठजोड़ मामले में बड़े पैमाने पर छापेमारी की। यह कार्रवाई पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के नौ स्थानों पर की गई। एनआईए सूत्रों ने बताया कि छापेमारी दविंदर बंबीहा सिंडिकेट से जुड़े सहयोगियों के ठिकानों पर की गई। एजेंसी की टीमों ने हरियाणा के पलवल, फरीदाबाद और गुरुग्राम, पंजाब के जालंधर और उत्तर प्रदेश के मथुरा जिलों में संदिग्धों के ठिकानों पर कार्रवाई की।
कार्रवाई में बरामद सामग्री, आतंकी गतिविधियों पर कड़ा शिकंजा
छापेमारी के दौरान एनआईए ने बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री जब्त की, जिसमें मोबाइल और डिजिटल डिवाइस, बैंकिंग लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और संपत्ति संबंधी कागजात शामिल हैं। एनआईए का यह अभियान उन आतंकवादी संगठनों और अपराधी सिंडिकेट्स पर केंद्रित है जो भारत में हथियार, गोला-बारूद, नशीले पदार्थ और विस्फोटक सामग्री की तस्करी में लिप्त हैं। इन संगठनों द्वारा भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए फंड जुटाने के प्रयासों का भी खुलासा हुआ है।
यह कार्रवाई मंत्रालय के निर्देश पर दर्ज केस (RC 22/2023/NIA/DLI) के तहत की गई है। एनआईए की जांच से यह पता चला है कि यह सिंडिकेट बड़े पैमाने पर भारत में आतंकवादी हमले की साजिश रचने और इसके लिए संसाधन जुटाने में शामिल है। एनआईए ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और जल्द ही और जानकारी सामने आने की उम्मीद है। यह छापेमारी भारत में आतंकी नेटवर्क पर शिकंजा कसने के एनआईए के निरंतर प्रयास का हिस्सा है।
जींद में ‘नीरज बवाना गिरोह’ के सदस्य दिनेश उर्फ टापा के आवास पर एनआईए की छापेमारी
इसके अलावा, दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद शातिर अपराधी नीरज बवाना गिरोह के सदस्य दिनेश उर्फ टापा के जींद जिले में स्थित आवास पर भी एनआईए की टीम ने बुधवार सुबह छापेमारी की। पुलिस ने यह जानकारी दी। थाना प्रभारी मनीष ने एनआईए टीम के रामबीर कॉलोनी स्थित दिनेश के घर पहुंचने की पुष्टि करते हुए बताया कि टीम ने उनसे तड़के पुलिस सहायता मांगी थी। मनीष ने बताया कि उन्होंने पुलिस टीम भेज दी और टीम किसलिए आयी थी, उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है।
थाना प्रभारी ने बताया कि एनआईए की टीम दिनेश की मां का फोन, मकान की रजिस्ट्री, बैंक खातों की प्रति अपने साथ लेकर गई है। उन्होंने बताया कि एनआईए की टीम बुधवार तड़के 4:30 बजे दिनेश के घर पर पहुंची और उसके आवास को चारों तरफ से घेरकर करीब साढ़े पांच घंटे तक अंदर तलाशी अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि एनआईए की इस टीम में दो महिला पुलिसकर्मियों समेत करीब 12 लोग शामिल थे। उन्होंने बताया कि जांच के बाद टीम करीब साढ़े नौ बजे वहां से चली गई।