धमतरी में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी विजय गोलछा का नामांकन निरस्त.

धमतरी . धमतरी निगम में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी विजय गोलछा का नामांकन निरस्त हो गया है। अपर कलेक्टर इंदिरा देवरानी ने बताया कि महापौर के लिए 14 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रस्तुत किया था, समीक्षा के बाद 12 अभ्यर्थियों का नाम निर्देशन स्वीकृत हुए है। एक अभ्यर्थी विजय गोलछा कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अपना नाम निर्देशन पत्र भरा था जिनका नामांकन अब तक विचाराधीन था।

बता दें कि धमतरी में कांग्रेस ने पार्टी जिला महामंत्री विजय गोलछा पर भरोसा जताकर उन्हें मैदान में उतारा था। वहीं भाजपा ने प्रदेश महामंत्री जगदीश रामू रोहरा को प्रत्याशी बनाया है। रामू रोहरा के अभिकर्ता ने कांग्रेस पार्टी के अधिकृत मेयर प्रत्याशी विजय गोलछा के फॉर्म पर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि उनके फॉर्म में निगम में ठेकेदार के रूप में काम करने का जिक्र है। नियम के मुताबिक कोई अगर नगर निगम का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लाभार्थी है, वो महापौर का चुनाव लड़ने के योग्य नहीं माना जाता है। चुनाव आयोग ने उनकी आपत्ति पर जांच की तो सही पाया, जिसके बाद उनका नामांकन निरस्त कर दिया गया।

कांग्रेस पार्टी के अधिकृत मेयर प्रत्याशी का नामांकन निरस्त होने को लेकर धमतरी विधायक ओंकार साहू ने कहा कि मामले को लेकर हमारी पार्टी हाईकोर्ट जाएगी। बता दें कि धमतरी नगर निगम में महापौर के लिए कुल 19 लोगों ने फॉर्म खरीदे थे, जिसमें से 14 लोगों ने फॉर्म जमा किए है। विजय गोलछा सहित दो फॉर्म रिजेक्ट हुआ है, जबकि 12 स्वीकृत किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *