रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष और जोर पकड़ता जा रहा है। पश्चिमी देशों की अनुमति मिलने के बाद यूक्रेन ने उनके हथियारों का इस्तेमाल रूस के खिलाफ करना शुरू कर दिया है। इसका जवाब देते हुए रूस ने भी अपने खतरनाक हथियारों से यूक्रेन पर जवाबी कार्रवाई शुरु कर दी है। यूक्रेन द्वारा आरोप लगाया गया था कि रूस ने हमला करने के लिए लंबी दूरी की अंतर महाद्वीपीय मिसाइल का इस्तेमाल किया है। लेकिन हमले के बाद रूसी जनता को दिए अपने संबोधन में राष्ट्रपति पुतिन ने बताया कि हमले में रूसी सेना की नई मिसाइल का इस्तेमाल किया गया था। यह एक हाइपरसोनिक मध्यम दूरी की बैलेस्टिक मिसाइल थी।
पुतिन ने पश्चिमी देशों को निशाने पर लेते हुए कहा कि अमेरिका और ब्रिटेन ने यूक्रेन को हथियार देकर रूस पर हमला करने की अनुमति दे दी है। इससे युद्ध का दायरा बढ़ने का खतरा बढ़ गया है। पुतिन ने चेतावनी दी कि हम जवाबी कार्रवाई में पश्चिमी देशों को भी निशाना बना सकते हैं।
क्या है ओरेश्निक मिसाइल?
मिसाइल के बारे में बात करते हुए रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि 21 नवंबर को रूसी धरती पर यूक्रेन ने अमेरिका और ब्रिटेन की मिसाइलों से हमला किया था। इस हमले की जवाबी कार्रवाई में ही हमने डेनिप्रो पर अपनी नई ओरेश्निक मिसाइल से हमला किया। हमारी सेना ने डेनिप्रो की उन जगहों को निशाना बनाया है, जहां से यूक्रेनी सेना को मदद दी जाती है।
पुतिन ने कहा कि ओरेश्निक एक हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल थी। इसे किसी भी डिफेन्स सिस्टम से नहीं पकड़ा जा सका क्योंकि इसकी रफ्तार ध्वनि की रफ्तार से 10 गुना तेज है। रूसी सूत्रों के हवाले से बताया गया कि मिसाइल की रेंज करीब 5000 किलोमीटर है। इस मिसाइल के जरिए रूस लगभग पूरे यूरोप और अमेरिका के पश्चिमी तटों पर हमला कर सकता है। रूस की इस खतरनाक मिसाइल को लेकर लगातार चर्चा जारी है। एक रूसी सैन्य ब्लॉगर के अनुसार, मिसाइल के बारे में बात करते हुए रूसी सैन्य विशेषज्ञ अनातोली माटविचुक ने कहा कि यह मिसाइल परमाणु हथियार ले जाने में भी सक्षम है।
पेंटागन बोला- ICBM नहीं थी।
यूक्रेन नई रूसी मिसाइल के हमले के बाद पेंटागन ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। पेंटागन ने कहा कि रूस की तरफ से जो मिसाइल दागी गई है वह RS-26 रूबेज अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल पर आधारित थी। उन्होंने कहा कि इस लॉन्च के बारे में अमेरिका को परमाणु जोखिम को कम करने वाले चैनलों के माध्यम से जानकारी मिली थी।
क्या रहा यूक्रेन का रिएक्शन?
रूस की जवाबी कार्रवाई के बाद यूक्रेन की वायुसेना ने बयान जारी कर कहा था कि डीनिप्रो पर ICBM से हमला हुआ है। लेकिन अमेरिका ने इसे खारिज कर दिया है। आईसीबीएम मिसाइलें उन्हें कहा जाता है जिनकी क्षमता 5500 किलोमीटर या उससे अधिक मार करने की हो। वहीं इस हमले को लेकर जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने नए प्रकार की मिसाइल से हमला करके यह साबित कर दिया कि वह शांति नहीं चाहता है। उन्होंने पूरी दुनिया से रूस के ऊपर कार्रवाई करने और पुतिन की निंदा करने के लिए कहा।