अब टाइप करो या बोलो पैसे अपने आप पहुंचेंगे, PhonePe का नया AI फीचर आम लोगों के लिए कितना फायदेमंद?

डिजिटल पेमेंट की दुनिया में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। देश के करोड़ों यूजर्स द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले प्लेटफॉर्म PhonePe ने अब AI पावर्ड नेचुरल लैंग्वेज सर्च फीचर लॉन्च किया है। इसका मकसद है कि आम यूजर बिना जटिल मेन्यू और कई स्टेप्स के सीधे अपने काम तक पहुंच सके। खास बात यह है कि अब आप टेक्स्ट या वॉयस कमांड देकर पेमेंट, रिचार्ज या दूसरी इन-ऐप सेवाएं आसानी से पूरी कर सकते हैं।

कैसे काम करेगा नया AI सर्च फीचर?

इस फीचर को Microsoft के Microsoft Foundry प्लेटफॉर्म की मदद से तैयार किया गया है। यह पारंपरिक नेविगेशन की जरूरत को कम करता है और यूजर को सीधे उसके टारगेट एक्शन तक पहुंचाता है। उदाहरण के तौर पर अगर कोई यूजर “Pay Hemanth 20 rupees” या “Recharge FASTag” लिखता या बोलता है, तो ऐप खुद-ब-खुद संबंधित पेमेंट स्क्रीन खोल देगा। यानी अब लंबी प्रोसेस से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

यूजर के इरादे को समझेगा AI

यह फीचर सिर्फ शब्द नहीं पढ़ता, बल्कि यूजर की मंशा को भी समझने की क्षमता रखता है। चाहे किसी को पैसा भेजना हो, बिल भरना हो या हेल्प चाहिए हो AI उसी के अनुसार इंटरफेस को तैयार कर देता है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसमें ऑन-डिवाइस और क्लाउड-बेस्ड प्रोसेसिंग का हाइब्रिड मॉडल अपनाया गया है। इससे पर्सनल और ट्रांजैक्शनल डेटा PhonePe के सुरक्षित इकोसिस्टम के भीतर ही रहता है।

कंपनी क्या कहती है?

PhonePe के CTO राहुल चारी ने कहा, “यह लॉन्च ट्रांजैक्शनल टूल्स से ज्यादा इंटेलिजेंट इंटरफेस की ओर बदलाव दिखाता है जो यूजर की जरूरतों का अंदाजा लगाता है” उन्होंने आगे कहा, “AI हमें एक ऐसा इंटरफेस बनाने में मदद करता है जो सिर्फ इनपुट ही नहीं, बल्कि इंटेंट को भी समझता है और प्राइवेसी या सिक्योरिटी से समझौता किए बिना वैल्यू देता है”

वहीं माइक्रोसॉफ्ट इंडिया और साउथ एशिया के प्रेसिडेंट पुनीत चंडोक ने इस पहल में Microsoft Foundry की अहम भूमिका पर जोर दिया और कहा कि इससे लाखों यूजर्स के लिए सुरक्षित और स्केलेबल डिजिटल पेमेंट समाधान संभव हुआ है।

पूरे भारत में शुरू हुआ रोलआउट

यह नया AI फीचर चरणबद्ध तरीके से पूरे देश में उपलब्ध कराया जा रहा है। यूजर इसे PhonePe ऐप के ग्लोबल सर्च बार, हेल्प सेंटर और हिस्ट्री टैब के जरिए इस्तेमाल कर सकते हैं। डिजिटल पेमेंट को और आसान बनाने की दिशा में यह कदम खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है, जो तकनीक में ज्यादा माहिर नहीं हैं, लेकिन रोजमर्रा के लेन-देन को सरल बनाना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *