‘कांग्रेस चुनाव प्रचार में सीरियस नहीं, उमर अब्दुल्ला ने स्वीकार ली हार. बोलीं स्मृति ईरानी

जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव का प्रचार अब अंतिम पड़ाव पर है. गुरुवार को जम्मू रीजन में बीजेपी मेगा रैलियां कर रही है. पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने रामगढ़ और आरएस पुरा में चुनावी सभाएं कीं. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस गठबंधन पर सीधे हमला बोला और सवाल उठाए हैं.

स्मृति ने कहा, उमर अब्दुल्ला (NC नेता) ने राहुल गांधी (कांग्रेस नेता) के नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं. उमर ने कहा है कि कांग्रेस जम्मू में गंभीरता से प्रचार नहीं कर रही है. उमर अब्दुल्ला ने यह कहकर हार स्वीकार कर ली है कि बीजेपी निर्दलियों के साथ सरकार बना सकती है.

स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी की ‘जम्मू-कश्मीर में बाहरी लोगों के शासन करने’ वाली टिप्पणी पर भी निशाना साधा. स्मृति ने कहा, एक राजनीतिक दल के ऐसे अध्यक्ष थे, जिनका जन्म भी भारत में नहीं हुआ. स्मृति ईरानी ने सोनिया गांधी के विदेशी मूल का मुद्दा भी उठाया.

स्मृति ने एक्स पर पोस्ट किया और लिखा, आज रामगढ़ और आरएस पुरा-जम्मू साउथ विधानसभा में लोगों से संवाद किया और आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी के पक्ष में मतदान करने की अपील की. अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर ने विकास की एक नई गाथा लिखी है. PM नरेंद्र मोदी जी के निर्णायक नेतृत्व ने प्रदेश को वर्षों की अस्थिरता से निकालकर शांति और समृद्धि की राह पर आरूढ़ किया है. अब यहां की जनता निडर होकर अपने भविष्य की योजनाएं बना रही है और अपने सपनों को साकार करने में जुटी है.

उन्होंने आगे कहा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, बहनों को घर, क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यटन को बढ़ावा देने से संबंधित अनेकों  योजनाओं पर हमारी सरकार तीव्रता से कार्य कर रही है.

जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव में तीसरे और अंतिम चरण में 40 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होनी है, जिसमें 26 सीटें जम्मू और 14 सीटें कश्मीर रीजन की हैं, लेकिन असली लड़ाई जम्मू के हिंदू बेल्ट की सीटों पर मानी जा रही है. इस चरण के चुनाव प्रचार में बीजेपी के तमाम दिग्गज नेता रैली करने पहुंच रहे हैं.

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी आज यानी 26 सितंबर को जम्मू रीजन में तीन रैलियां कर रहे हैं. योगी की 27 सितंबर को भी दो चुनावी रैलियां होनी हैं.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज जम्मू में पांच रैलियों को संबोधित करेंगे. अमित शाह की उधमपुर में दो, कठुआ में दो और जम्मू जिले में एक रैली होनी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शनिवार को जम्मू शहर में एक बड़ी चुनावी जनसभा को संबोधित करने वाले हैं.

जम्मू और कश्मीर विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में जम्मू रीजन की 26 और कश्मीर रीजन की 14 सीटों पर वोटिंग होनी है. इस फेज में उधमपुर, सांबा, कठुआ और जम्मू के साथ ही कुपवाड़ा, बारामूला, बांदीपोरा जैसे जिले हैं. हंदवाड़ा, शोपियां, सोपोर जैसी सीमावर्ती विधानसभा सीटों पर वोटिंग भी अंतिम चरण में एक अक्टूबर को ही होनी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *