जलप्रपात में लापरवाही पर प्रशासन सख्त: दो युवकों को किया पकड़ा, जारी की चेतावनी

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खूबसूरत जलप्रपातों में से एक अमृतधारा में लापरवाही भरे व्यवहार पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। नागपुर तहसीलदार समीर शर्मा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में दो युवकों को जलप्रपात के बेहद करीब नहाते हुए पकड़ा गया और उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर थाना ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय कृष गुप्ता और 20 वर्षीय मोहम्मद अरशद—दोनों मनेंद्रगढ़ निवासी—अमृतधारा जलप्रपात पर पहुंचे थे। वहां वे जलप्रपात के नीचे खतरनाक तरीके से पानी के पास नहा रहे थे। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने उन्हें तुरंत हिरासत में लेकर थाना नागपुर पहुंचाया। बाद में परिजनों के निवेदन और सख्त समझाइश के बाद दोनों युवकों को रिहा कर दिया गया।

यह पहली घटना नहीं है, पूर्व में भी जिले के रमदहा, कर्म घोंघा जैसे जलप्रपातों पर इसी तरह की लापरवाही के चलते कई गंभीर हादसे हो चुके हैं। इन्हीं घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सख्त चेतावनी जारी की है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जलप्रपात के पास नहाना, खतरनाक स्थानों पर सेल्फी लेना या किसी भी प्रकार की असावधानी बरतने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा। साथ ही, पर्यटकों से अपील की गई है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद सुरक्षित दूरी से लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *