करवाचौथ की रात पत्‍नी के साथ छत पर गए DPO किराएदार से कर रहे थे बात, तभी लग गई गोली

करवाचौथ की रात चांद निकलने पर पत्‍नी के साथ पूजा के लिए छत पर गए गोंडा के जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) मनोज कुमार मौर्य को गोली लग गई थी। डीपीओ का आरोप है कि पांच दिन बाद भी पुलिस ने इस मामले में केस नहीं दर्ज किया है जबकि घटना वाली रात ही पुलिस को मौके पर पड़ी बुलेट मिल गई थी। मनोज कुमार मौर्य का कहना है कि उन्‍हें गोली उस वक्‍त लगी जब वह किराएदार मुकेश शर्मा से बात कर रहे थे। उनके मुताबिक उन्‍होंने तहरीर भी दी लेकिन फिर भी पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया।

मनोज के मुताबिक वह करवाचौथ मनाने ही गोंडा से लखनऊ स्थित अपने घर पर आए थे। रात में चांद निकलने पर पूजा के लिए वह पत्नी और किराएदार के साथ छत पर गए थे। तभी उनके कंधे में गोली लग गई। किराएदार उन्हें इलाज के लिए लेकर अस्पताल ले गए। सूचना पर इंस्पेक्टर आशियाना भी मौके पर गए थे। जिन्हें बुलेट मिली। इलाज के बाद मनोज ने इंस्पेक्टर को तहरीर भी दी। जिसके बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। यह आरोप जिला कार्यक्रम अधिकारी ने लगाया है।

एलडीए कॉलोनी सेक्टर-ए निवासी मनोज कुमार के मुताबिक 20 अक्टूबर को वह गोण्डा से लखनऊ आए थे। रात करीब नौ बजे पत्नी संध्या, किराएदार मुकेश शर्मा और उनकी पत्नी के साथ पूजा के लिए मनोज भी छत पर गए थे। वह मुकेश से खड़े होकर बात कर रहे थे। अचानक से कंधे में जलन महसुस हुई और खून बहने लगा। जिसे देख कर सब लोग घबरा गए। शर्ट हटाने पर दाहिने कंधे में छेद नजर आया और बुलेट नीचे फर्श पर जा गिरी। मनोज ने बताया कि इंस्पेक्टर आशियाना को घटना की जानकारी देते हुए फर्श पर गिरी बुलेट भी सौंपी गई थी। घटना के पांच दिन गुजरने के बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। यह आरोप मनोज कुमार मौर्य ने लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *