पखांजूर ब्रेकिंग न्यूज़: लोक आंधी मोड़ पर ट्रक पुलिया में गिरा, चालक बचा

पखांजूर ब्रेकिंग न्यूज़: लोक आंधी मोड़ पर ट्रक पुलिया में गिरा, चालक बचा


पखांजूर थाना क्षेत्र अंतर्गत PV-39 के पास लोक आंधी मोड़ स्थित जर्जर व संकीर्ण पुलिया एक बार फिर बड़े हादसे की गवाह बनी, जहां दुर्गकुण्डल से बांदे की ओर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे जा गिरा। गनीमत रही कि इस हादसे में ट्रक चालक की जान बाल-बाल बच गई, लेकिन घटना ने एक बार फिर शासन-प्रशासन की घोर लापरवाही को उजागर कर दिया है।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारें कई बार बदलीं, जनप्रतिनिधि आते-जाते रहे, लेकिन इस जानलेवा पुलिया का आज तक न तो पुनर्निर्माण हुआ और न ही चौड़ीकरण। नतीजा यह है कि इस स्थान पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठे हैं।

    सबसे गंभीर बात यह है कि लोक आंधी मोड़ जैसे खतरनाक स्थान पर आज तक न तो संकेतक बोर्ड लगाए गए हैं और न ही कोई चेतावनी चिन्ह, जिससे अनजान वाहन चालक लगातार हादसों का शिकार हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यह हादसा नहीं बल्कि प्रशासनिक लापरवाही से उपजी त्रासदी है।

    हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। ट्रक क्रमांक CG-19 BF 5323 को पोकलेन मशीन की मदद से बाहर निकालने का कार्य किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की सुरक्षा घेराबंदी कर यातायात को नियंत्रित किया गया।

    स्थानीय नागरिकों ने कड़े शब्दों में कहा कि यदि अब भी इस पुलिया का तत्काल निर्माण, चौड़ीकरण, रेलिंग, संकेत बोर्ड और स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था नहीं की गई, तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों का सीधा सवाल है—
    आखिर कितनी और जानें जाएंगी, तब जाकर शासन-प्रशासन की नींद खुलेगी?

    यह पुलिया अब सिर्फ एक ढांचा नहीं, बल्कि सरकारी उदासीनता और सिस्टम की विफलता का प्रतीक बन चुकी है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *