कश्मीर के कोर्ट रूम में धमाके से दहशत, सबूत के तौर पर लाए गए ग्रेनेड फटने से हुआ विस्फोट

टारगेट किलिंग की घटनाओं के बीच जम्मू-कश्मीर के बारामूला की एक कोर्ट के एविडेंस रूम में धमाके की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक सबूत के तौर पर लाए गए ग्रेनेड के फटने से एक पुलिसकर्मी घायल हो गया है। अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए गुरुवार को इसकी जानकारी दी है। अधिकारियों ने बताया कि बारामूला कोर्ट परिसर के सबूत कक्ष के अंदर दोपहर करीब एक बजे विस्फोट हुआ। घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है जहां उसका इलाज जारी है।

मामले की जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “सबूत के तौर पर लाया गया ग्रेनेड गलती से मालखाना के अंदर फट गया जिससे एक पुलिसकर्मी घायल हो गया है।” पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया है कि स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने की और सतर्कता बरतने की अपील की है।

यह घटना जम्मू-कश्मीर के मुख्य न्यायाधीश के दौरे के ठीक पहले हुई है जिससे अदालत परिसर की सुरक्षा लेकर सवाल उठ रहे हैं। सुरक्षा बल एहतियात के तौर पर इलाके की तलाशी कर रहे हैं। अचानक हुए उस हमले के बाद अधिकारी किसी भी संभावित जोखिम की जांच कर रहे हैं।

इस बीच कश्मीर में टारगेट किलिंग की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है। गुरुवार को हफ्ते में तीसरी बार गैर कश्मीरी मजदूरों को निशाना बनाए जाने की खबर सामने आई है। गुरुवार को आतंकियों ने पुलवामा में गैर कश्मीरी को निशाना बनाते हुए उत्तर प्रदेश की के एक मजदूर को गोली मार दिया। इस हमले में मजदूर गंभीर रूप से घायल है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले रविवार को गांदरबल में एक कंस्ट्रक्शन साइट पर हुए हमले में 6 प्रवासी मजदूर और एक स्थानीय डॉक्टर की मौत हो गई थी। वहीं 18 अक्टूबर को आतंकवादियों ने बिहार के रहने वाले एक मजदूर की शोपियां जिले में गोली मारकर हत्या कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *