अमेठी के अस्पतालों की इमरजेंसी सेवा में तैनात डाक्टर, नर्स, वार्डब्वाय व अन्य पैरामेडिकल अब ड्यूटी में लापरवाही नहीं कर पाएंगे। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सीएमओ ने ड्यूटी में तैनात सभी कर्मियों को सेवा स्थल से ही अपनी लाइव लोकेशन दर्ज कराने का निर्देश दिया है। इस व्यवस्था के लागू हो जाने पर रात में भी मरीजों को सभी सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों पर बेहतर उपचार की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
आपातकालीन चिकित्सीय सुविधा को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों के ड्यूटी पर न उपलब्ध होने पर आये दिन मरीज व उनके तीमारदारों से विवाद उत्पन्न होता रहता है। कभी डाक्टर नहीं मिलते तो कभी नर्स व वार्डब्वाय आदि के मौके से गायब रहने की शिकायतें मिलती रहती हैं।
जिला अस्पताल में तो रात में 12 बजे के बाद शायद ही कभी डाक्टर अपनी सीट पर मिल जाएं। पूछने पर अपने कक्ष में आराम करने की बात बताई जाती है। अक्सर फार्मासिस्ट को ही सामान्य रोगियों का उपचार करते देखा जा सकता है। वहीं सीएचसी पीएचसी का हाल और बेहाल है। कहीं नर्स तो कहीं वार्डब्वाय ड्यूटी करते नजर आते हैं। सामान्य घटना व दुर्घटना में भी मरीजों को रेफर करना आम आदत बन गई है। इन शिकायतों को गम्भीरता से लेते हुए सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। अब इमरजेंसी में तैनात स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से गायब नहीं हो सकेंगे। एक निर्धारित एप पर ड्यूटी में लगे सभी कर्मियों को अपनी लाइव लोकेशन भेजनी होगी। समय-समय पर सीएमओ, एसीएमओ व अन्य अधिकारी मौके पर जाकर निरीक्षण भी करेंगे।