राजकुमार राव और पत्रलेखा की शादी में उनके सिंदूर की रस्म काफी खास थी। दरअसल राजकुमार राव ने पहले पत्रलेखा की मांग भरी फिर उनसे भी सिंदूर लगवाया था। अब पत्रलेखा ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया है कि राजकुमार शायद पहले से ऐसा सोचकर नहीं आए थे। यह कदम उन्होंने अचानक वहीं पर उठाया था। पत्रलेखा ने यह भी बताया कि उन्होंने पंडित से कहा था कि शादी 45 मिनट में ही निपटा दें।
जल्दी करनी थी शादी
पत्रलेखा ने बॉलीवुड बबल से बातचीत में अपनी शादी का वक्त याद किया। वह बोलीं, ‘आपको बताती हूं, क्या हुआ कि हम मंडप में थे और हमने तो पंडितजी तक से बोल दिया कि जल्दी करो, 2-3 घंटे की शादी नहीं चाहिए, 45 मिनट में ही खत्म कर दीजिए। हम लोग मस्ती-मजाक कर रहे थे तभी उन्होंने मझे सिंदूर लगा दिया फिर बोले, तुम भी लगा दो।’
इमोशनल हो गईं पत्रलेखा
पत्रलेखा राजकुमार राव के ऐसा कहने के बाद हैरान थीं तो राजकुमार बोले, ‘हां लगाओ’ पत्रलेखा बताती हैं, ‘यह अचानक वहीं हुआ था। मुझे नहीं लगता कि मंडप में आने से पहले उन्होंने ऐसा कुछ सोचा था। ये सब चीजें प्लान नहीं की जातीं। मैं बहुत भावुक हो गई थी। मुझे लगा कि मैं इस दुनिया की सबसे भाग्यशाली लड़की हूं।’ पत्रलेखा ने सिटीलाइट्स फिल्म से बॉलीवुड डेब्यू किया था। इस मूवी में उनके साथ पति राजकुमार राव भी थे। 11 साल के अफेयर के बाद दोनों ने शादी की।