महाराष्ट्र के पुणे की दौंड़ तहसील के यवत इलाके में सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई है। एक वॉट्सऐप ग्रुप पर आपत्तिजनक मेसेज शेयर किए जाने के बाद यह दंगा भड़का है। एक समुदाय से जुड़े लोगों ने पोस्ट से गुस्से के बाद सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कई वाहनों को तोड़ डाला गया और दूसरे समुदाय के प्रतिष्ठानों पर पत्थरबाजी की घटनाएं भी सामने आई हैं। पुणे ग्रामीण के एसपी संदीप सिंह गिल ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े हैं। संदीप सिंह गिल खुद मौके पर पहुंचे हैं और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। इसके अलावा उन्होंने अफवाहें फैलाने वालों को भी चेताया है।
यह मामला 25 जुलाई से शुरू हुआ था। तब एक वॉट्सऐप ग्रुप पर एक शख्स ने आपत्तिजनक मेसेज किया था। इसके बाद 26 जुलाई को छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा से छेड़छाड़ हुई थी। इस घटना से इलाके में तनाव बढ़ गया और आरोपी व्यक्ति को अरेस्ट कर लिया गया। आरोपी शख्स का नाम सैयद बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आरोपी सैयद यवत के सहकार नगर इलाके का है। उस पर ही आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोप है। उससे गुस्साए लोगों ने उसके घर पर पत्थरबाजी की थी। फिलहाल पुलिस ने सैयद को हिरासत में रखा है, लेकिन अब तक स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
कहा जा रहा है कि छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा से छेड़छाड़ से भड़के लोगों ने मुस्लिम बहुल बस्ती पर धावा बोल दिया। इस दौरान पास की एक मस्जिद भी चपेट में आई है। एसपी संदीप सिंह गिल ने बताया, ‘भड़की भीड़ ने एक समुदाय की संपत्तियों और मकानों पर धावा बोल दिया। पत्थरबाजी की गई और एक मोटरसाइकिल को भी आग के हवाले किया गया। हमने लोगों को कंट्रोल करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे हैं। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। आपत्तिजनक पोस्ट सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले शख्स को हिरासत में लिया गया है।’