लखनऊ में बिजली के लिए बवाल, लोगों ने उपकेंद्र पर धावा बोला, कर्मियों को पीटा

लखनऊ में बिजली संकट से त्रस्त लोगों ने बीकेटी के कठवारा उपकेंद्र पर जमकर हंगामा किया। उग्र भीड़ ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उपकेंद्रों के सभी फीडरों की बिजली सप्लाई ठप कर दी। बवाल बढ़ने पर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी भाग गये। सूचना मिलने पर एसडीओ, एक्सईएन पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। करीब पांच घंटे बाद फाल्ट को दुरुस्त कर बिजली सप्लाई बहाल हुई।

बीकेटी के कठवारा गांव में दो ट्रांसफार्मर लगे है। मंगलवार रात करीब नौ बजे एबीसी (एरियल बंच कंडक्टर) क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही बिजलीकर्मियों ने पूरे ट्रांसफार्मर की सप्लाई बंद कर दी। इससे आधे गांव में अंधेरा छा गया। परेशान लोगों ने उपकेंद्र पर फोन किया, लेकिन कर्मचारियों ने सकारात्मक जवाब नहीं दिया। वहीं जूनियर इंजीनियर अजय कुमार से भी बात नहीं हो सकी। इससे लोगों का गुस्सा भड़क गया और रात 12 बजे कठवारा उपकेंद्र पर धावा बोल दिया। उग्र भीड़ की कर्मचारी इंद्रपाल और सतीश के साथ मारपीट हुई। इसके बाद कंट्रोल रूम में घुसकर सभी फीडर बंद कर दिये। बवाल की सूचना मिलते ही एसडीओ, एक्सईएन उपकेंद्र पहुंचे, लेकिन उपकेंद्र पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिसके बाद दूसरे उपकेंद्र से बिजलीकर्मियों को बुलाना पड़ा। इसके बाद फाल्ट को दुरुस्त कर रात 1.45 बजे बिजली सप्लाई बहाल हुई।

बिजली सप्लाई बंद होने के बावजूद जूनियर इंजीनियर अजय कुमार ने मोबाइल स्वीच ऑफ कर लिया और टीजी-2 कर्मचारी उपकेंद्र छोड़कर फरार हो गया। एक्सईएन प्रमोद कुमार सिंह ने कार्य में लापरवाही मानते हुए दोनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता को पत्र लिखा है। वहीं शंकुतला मिश्रा उपकेंद्र के अशोक विहार में दिनभर बिजली सप्लाई ठप रही। इसके अलावा, बालागंज, दुबग्गा उपकेंद्र के शाहपुर में दिनभर बिजली की आवाजाही लगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *