रेलवे स्टेशन पर सो रहे लोगों को पत्थर से कुचला, दो की मौत; तीन की हालत गंभीर

महाराष्ट्र के नागपुर में सोमवार को रेलवे स्टेशन पर दो लोगों की हत्या हो गई। इसके अलावा तीन लोग घायल हैं। ये दोनों कत्ल मानसिक रूप से विक्षिप्त ने कर दी, जो मौके पर बेकाबू हो गया था। उसने वहां रेलवे स्टेशन पर खड़े लोगों पर अटैक कर दिया, जिसमें दो लोग मारे गए और तीन अन्य जख्मी हो गए हैं। इन तीन घायलों में से भी दो की हालत गंभीर है। यह घटना सोमवार तड़के की ही है। प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर लगभग 7 लोग सो रहे थे। इन लोगों की ट्रेन आने में वक्त था। ऐसे में ये लोग प्लेटफॉर्म पर ही सोने लगे थे।

इसी दौरान मानसिक रूप से विक्षिप्त शख्स ने इन लोगों पर कंक्रीट की एक स्लैब से हमला कर दिया। इन स्लैब्स का इस्तेमाल रेलवे ट्रैक पर किया जाता है। वह शख्स इन लोगों को कुचलकर मारना चाहता था, लेकिन किसी तरह उन्हें बचा लिया गया। फिर भी दो लोगों की बुरी तरह चोट लगने के चलते मौत हो गई। मौके पर मौजूद जीआरपी पेट्रोलिंग टीम आवाजें सुनकर दौड़ी और घायल लोगों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। हालांकि हमलावर मौके से भाग गया। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय गणेश कुमार और एक अन्य अज्ञात के तौर पर हुई है।

गणेश कुमार तमिलनाडु के रहने वाले थे। इसके अलावा गंभीर रूप से घायल तीन अन्य लोगों का सरकारी मायो अस्पताल में इलाज चल रहा है। हमलावर की पहचान जयराम रामअवतार केवट के तौर पर हुई है। वह भाग निकला था, लेकिन रेलवे स्टाफ ने उसे अंत में पकड़ ही लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है और आगे की जांच की जा रही है। नागपुर सेंट्रल स्टेशन पर सुरक्षा में इजाफा कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *