महाराजबंध तालाब: जलधरोहर बचाने का जनआंदोलन

रायपुर। कभी उपेक्षा, गंदगी और प्लास्टिक कचरे से जूझ रहा रायपुर का ऐतिहासिक महाराजबंध तालाब आज एक सकारात्मक बदलाव की मिसाल बनता जा रहा है। ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ के अथक प्रयासों से तालाब की तस्वीर लगातार बदल रही है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक अमिताभ दुबे के नेतृत्व में चल रहा यह सफाई अभियान अब लगातार 10 दिन पूरे कर चुका है, जिसमें प्रतिदिन औसतन दो ट्रक कचरा, प्लास्टिक, पॉलीथिन और गाद तालाब से बाहर निकाली जा रही है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, महाराजबंध तालाब कभी रायपुर की पहचान और जलस्रोतों में प्रमुख स्थान रखता था।

लेकिन लंबे समय तक उपेक्षा के चलते इसकी हालत बद से बदतर हो गई थी। ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ ने जब इस अभियान की शुरुआत की, तब इसे केवल एक सफाई कार्य के रूप में नहीं, बल्कि शहर की जलधरोहर को बचाने के जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया गया। आज यह अभियान केवल स्वयंसेवकों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी दिखाई देने लगी है। इस महाअभियान में दुर्गा महाविद्यालय और गुरुकुल महिला महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। युवा स्वयंसेवक ग्रीन आर्मी के सदस्यों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर श्रमदान कर रहे हैं। छात्र-छात्राओं द्वारा दी जा रही “कार सेवा” और नियमित सहभागिता इस बात का संकेत है कि रायपुर का युवा वर्ग पर्यावरण संरक्षण और जलस्रोतों की रक्षा को लेकर गंभीर और जागरूक है। युवाओं का यह उत्साह अभियान को नई ऊर्जा दे रहा है।

अभियान को प्रशासनिक स्तर पर भी सहयोग मिल रहा है। नगर निगम रायपुर द्वारा समय-समय पर पोकलेन मशीन उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे तालाब की गहराई में जमी गाद और भारी कचरे को निकालने में मदद मिल रही है। इसके साथ ही, विगत चार दिनों से नगर निगम द्वारा तीन मजदूरों को भेजकर सफाई कार्य में सहयोग किया जा रहा है। इस समन्वय से अभियान की गति और प्रभाव दोनों बढ़े हैं। प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक अमिताभ दुबे ने कहा कि महाराजबंध तालाब की सफाई केवल एक स्थान विशेष तक सीमित पहल नहीं है। यह उस सोच की शुरुआत है, जिसमें समाज खुद आगे आकर अपनी प्राकृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों को बचाने की जिम्मेदारी लेता है। उन्होंने कहा, “10 दिनों की निरंतर मेहनत यह साबित करती है कि जब नीयत साफ हो और प्रयास ईमानदार हों, तो बदलाव निश्चित होता है। ग्रीन आर्मी का लक्ष्य महाराजबंध तालाब के बाद रायपुर के सभी तालाबों को चरणबद्ध तरीके से स्वच्छ, सुरक्षित और जीवंत बनाना है। यह लड़ाई अकेले ग्रीन आर्मी की नहीं, बल्कि पूरे शहर की है।”

सफाई के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। ग्रीन आर्मी द्वारा 11 तारीख से लगातार सफाई के साथ लोगों को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में आगामी दिन पूरे दिन जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान स्थानीय रहवासियों और राहगीरों को पाम्फलेट वितरित कर तालाब संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया जाएगा, ताकि समाज का हर वर्ग इस मुहिम से जुड़े और तालाबों को गंदगी से बचाने में अपनी भूमिका निभाए। ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ ने रायपुर के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से आह्वान किया है कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें, श्रमदान करें और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित जलस्रोतों को संरक्षित रखने में आगे आएं। महाराजबंध तालाब में चल रहा यह अभियान अब केवल सफाई नहीं, बल्कि रायपुर में पर्यावरण संरक्षण की एक मजबूत आवाज बन चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *