मोदी सरकार 3.0 की पहली मंत्रिपरिषद की बैठक बुधवार को हुई. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता की. मोदी सरकार 3.0 के तहत मंत्रिपरिषद की पहली बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी ने नया मंत्र दिया- परफॉर्म, रिफॉर्म, ट्रांसफॉर्म और इनफॉर्म. बैठक में स्पष्ट रूप से सरकार की उपलब्धियों के तेज, अधिक प्रभावी संचार पर ध्यान केंद्रित किया गया. इस बैठक में दस वर्ष पूरे होने वाली योजनाओं का जश्न मनाने की योजना बनाई गई. जैसे- जनधन योजना, इंफ्रा, स्वास्थ्य और शिक्षा पर बनी पीपीटी और पिछले 85 दिनों में कैबिनेट द्वारा लिए गए 73 बड़े फैसले.
दिल्ली के सुषमा स्वराज भवन में मंत्रिपरिषद की यह बैठक करीब पांच घंटे तक चली. इस बैठक में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के तीसरे कार्यकाल के पहले 100 दिन के एजेंडे पर हुई प्रगति का भी जायजा लिया गया. बैठक के दौरान महिलाओं, गरीबों, युवाओं और किसानों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक में विभिन्न सरकारी विभागों के सचिव भी शामिल हुए थे. बैठक में जून में सरकार के सत्ता में आने के बाद से नई योजनाओं और नीतिगत निर्णयों के बारे में जागरुकता फैलाने पर जोर दिया गया.
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 40 मिनट तक बात की और मंत्रियों-सचिवों को उत्साह, आशावाद और दृढ़ विश्वास के साथ काम करने के लिए उत्साहित किया. उन्होंने निवर्तमान कैबिनेट सचिव राजीव गौबा को भी उनके काम के लिए धन्यवाद दिया. बैठक में एक पेड़ मां के नाम अभियान, स्वच्छता का विशेष उल्लेख किया गया. साथ ही बजट घोषणाओं पर प्रमुखता से काम करने को कहा.
विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी 100 दिवसीय एजेंडे पर अपने-अपने मंत्रालयों द्वारा की गई प्रगति पर प्रस्तुतियां दीं. बुनियादी ढांचे के विकास पर अपना ध्यान केंद्रित करते हुए, राजग सरकार ने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए नई रेलवे लाइन, बंदरगाहों, हवाई अड्डों और औद्योगिक स्मार्ट शहरों के निर्माण के लिए 2.30 लाख रुपये से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी दी है.