दिल्ली में पिछले दो दिनों से सुबह ठंड महसूस होने लगी है। सोमवार सुबह भी लोगों को हल्का धुंधलापन नजर आया और ठंडक महसूस हुई। हालांकि धूप निकलते ही गर्माहट होने लगी। इस बीच तापमान में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। आने वाले दिनों में तापमान इसी तरह लुढ़क सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के सामान्य तापमाान से दो डिग्री कम है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे हवा में नमी का स्तर 64 प्रतिशत दर्ज किया गया। विभाग ने दिन में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आस पास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान एक डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। पूर्वानुमान के मुताबिक आज की तरह कल भी यानी 16 अक्टबर को भी आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया जाएगा। इसके बाद इसमें और गिरावट आएगी और 18 और 19 अक्तूबर को यह 16 डिग्री तक पहुंच सकता है। इन दोनों दिन आसमान साफ रहेगा। इसके बाद 20 और 21 अक्टूबर न्यूनतम तापमान फिर 17 डिग्री पर पहुंच सकता है। इस दौरान बारिश की भी कोई संभावना नहीं है।
दिल्ली में लगातार तीसरे दिन मंगलवार को एयर क्वालिटी ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किए जाने के बाद राष्ट्रीय राजधानी में ‘ग्रेडेड रेस्पॉन्स एक्शन प्लान’ (ग्रैप) के पहले चरण के तहत प्रतिबंध लागू हो गए हैं। सर्दियों में विशेष प्रदूषण रोधी उपायों के अंतर्गत ग्रैप के पहले चरण के तहत प्रतिबंध का उद्देश्य निर्माण स्थलों पर धूल को कम करना, उचित अपशिष्ट प्रबंधन और सड़कों की नियमित सफाई के माध्यम से प्रदूषण को नियंत्रित करना है।
ग्रैप एक के पहले चरण में प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की सख्त जांच, बेहतर यातायात प्रबंधन और उद्योगों, बिजली संयंत्रों और ईंट भट्टों में उत्सर्जन नियंत्रण को अनिवार्य बनाया गया है।
ग्रैप के पहले चरण के अंतर्गत कचरे को खुले में जलाने पर प्रतिबंध लगाया गया है, डीजल जेनरेटर के उपयोग को सीमित किया गया है तथा भोजनालयों में कोयले या लकड़ी के उपयोग पर रोक लगाई गई है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मंगलवार को 207 दर्ज किया गया और लगातार तीसरे दिन वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। दशहरा के बाद शहर का एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गया है।