बिहार की धरती से दिया वचन पूरा करके ही आया…काराकाट में गरजे PM मोदी, कहा- आतंकियों को मिट्टी में मिलाया

काराकट: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के काराकाट में 48,520 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। राज्य के दो दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार को पटना पहुंचे प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 22 के पटना-गया-डोभी खंड के चार लेन के सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन किया जिसकी लागत करीब 5,520 करोड़ रुपये होगी।

पीएम मोदी ने एनएच 27 पर गोपालगंज शहर में ‘एलिवेटेड हाईवे’ के चार लेन के निर्माण और ग्रेड सुधार कार्य का भी उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने सोन नगर-मोहम्मद गंज के बीच 1,330 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली तीसरी रेल लाइन को भी राष्ट्र को समर्पित किया। इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री तथा कई अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं अधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि बिहार में किया हुआ वादा पूरा करके आया हूं।

क्या बोले पीएम मोदी?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सासाराम के लोग भगवान राम की रीति-नीति जानते हैं। ‘प्राण जाए पर वचन न जाए’… पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले के बाद मैंने बिहार की धरती पर देश को वचन दिया था कि आतंकवाद के आकाओं के ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया जाएगा, उन्हें ऐसी सजा मिलेगी जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की होगी। आज जब मैं बिहार आया हूं तो अपना वादा पूरा करके आया हूं।

उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान और दुनिया ने भारत की बेटियों के सिंदूर की ताकत देखी है। दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान BSF के अभूतपूर्व पराक्रम और साहस को देखा है।

 दुश्मन ने ऑपरेशन सिंदूर की ताकत देखी

पीएम मोदी ने कहा कि मातृभूमि की सेवा के पवित्र कर्तव्य को निभाते हुए, BSF के सब इंस्पेक्टर इम्तियाज ने 10 मई को सीमा पर अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। मैं बिहार के इस सपूत को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। दुश्मन ने ऑपरेशन सिंदूर की ताकत देख ली है। उन्हें समझना चाहिए कि यह हमारे तरकश का सिर्फ एक तीर है। आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई न रुकी है और न ही रुकी है। अगर आतंक का हुड फिर से उठ खड़ा हुआ, तो भारत उसे उसके बिल से बाहर निकालकर कुचल देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *