यूपी के इस शहर से जयपुर, जबलपुर, भुवनेश्वर, चंडीगढ़ के लिए सीधी उड़ानें, पीएम मोदी देंगे सौगात

यूपी के प्रयागराज में लगने वाले महाकुंभ के लिए राज्य की योगी और केंद्र की मोदी सरकार लोगों को सहूलियतें देने के प्रयास में लगातार लगी हैं। इसी कड़ी में प्रयागराज से देश के बड़े शहरों के लिए विमान सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। महाकुम्भ को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज से हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में एलायंस एयर ने पहल की है। प्रयागराज से देश के सात प्रमुख शहरों देहरादून, जबलपुर, जयपुर, कोलकाता, गुवाहाटी, चंडीगढ़ और भुवनेश्वर के लिए सीधी फ्लाइट शुरू करने का प्रस्ताव निदेशालय को भेजा है। अगले सप्ताह से इन शहरों के लिए हवाई सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है। कोलकाता को छोड़कर बाकी शहरों में अभी हफ्ते में एक दिन फ्लाइट की सुविधा मिलेगी।

प्रयागराज एयरपोर्ट के टर्मिनल का विस्तार कार्य पूरा कर लिया गया है। टर्मिनल में अब यात्रियों के ठहरने की क्षमता दोगुनी हो गई है। साथ ही एप्रन क्षेत्र का भी विस्तार हुआ है। पहले इस एयरपोर्ट पर केवल चार बड़े सी-टाइप विमानों की पार्किंग की सुविधा थी, लेकिन अब यहां सात बड़े और आठ छोटे विमानों की पार्किंग की क्षमता हो गई है। इस टर्मिनल में 850 यात्रियों की क्षमता हो जाएगी। महाकुम्भ से जुड़ी अन्य परियोजनाओं का कार्य भी तेजी से चल रहा है। सभी परियोजनाओं को 13 दिसंबर तक पूरा कर लेने का लक्ष्य है। इनका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।

फिलहाल प्रयागराज से दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद और रायपुर के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं। लंबे समय से अन्य बड़े शहरों के लिए भी हवाई सेवाओं की मांग की जा रही थी। महाकुम्भ के मद्देनजर प्रयागराज एयरपोर्ट का विस्तार भी किया गया है, जिसमें पार्किंग और यात्रियों के ठहरने के क्षेत्र को बढ़ाया गया है।

उड़ानों का प्रस्तावित शेड्यूल

दिल्ली-प्रयागराज-जयपुर फ्लाइट रविवार को, जयपुर-प्रयागराज-दिल्ली की उड़ान शुक्रवार को, जबलपुर-प्रयागराज-दिल्ली शनिवार को, दिल्ली-प्रयागराज-जबलपुर की फ्लाइट सोमवार को, दिल्ली-प्रयागराज-देहरादून की मंगलवार को, देहरादून-प्रयागराज-दिल्ली रविवार को, चंडीगढ़-प्रयागराज-दिल्ली-सोमवार को, दिल्ली-प्रयागराज-चंडीगढ़ बुधवार को, भुवनेश्वर-प्रयागराज-कोलकाता की फ्लाइट बुधवार को, कोलकाता-प्रयागराज-भुवनेश्वर की उड़ान शुक्रवार को, कोलकाता-प्रयागराज-कोलकाता मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को, गुवाहाटी-प्रयागराज-कोलकाता शुक्रवार को तथा कोलकाता-प्रयागराज-गुवाहाटी की फ्लाइट रविवार को रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *