सीसामऊ उपचुनाव: वोट डालने पहुंचे परिवार को पुलिस ने रोका, आईडी चेकिंग को लेकर युवक की पिटाई

यूपी के 9 सीटों पर आज उपचुनाव है। इनमें से एक कानपुर की सीसामऊ विधानसभा सीट भी है। जहां वोटिंग हो रही है। यहां क्षेत्र के हलीम इंटर कॉलेज मतदान केंद्र में वोट डालने जा रहे एक परिवार को पुलिस ने रोक लिया। चेकिंग और आईडी को लेकर कहासुनी के बाद चमनगंज थाने के इंस्पेक्टर ने अरशद नाम के एक सदस्य को पीट दिया। परिवार का आरोप है कि उन्हें वोट डालने नहीं दिया गया।

सीसामऊ विधानसभा पर हो रहे उपचुनाव में पुलिस का रवैया सवालों के घेरे में है। यहां हलीम इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर वोट डालने जा रहे एक परिवार को पुलिस ने रोक लिया। फिर आईडी चेकिंग को लेकर कहासुनी हो गई। जिसके बाद पुलिस ने अरशद को पीट दिया। जिससे भौं फटने से खून निकल आया। इस घटना के बाद हंगामा हो गया। सपा प्रत्याशी नसीम सोलंकी मौके पर पहुंचीं और चमनगंज थाना के प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। हालांकि पीड़ित परिवार के पांचों सदस्य वोट नहीं डाल पाए और घर लौट गए।

अरशद ने कहा-वोट डालने घर से निकला था तो उत्साह था, पुलिस ने पीटकर अच्छा नहीं किया। जब पुलिस ही नहीं चाहती कि मेरे परिवार के वोट पड़ें तो घर लौटना ही विकल्प है। पीड़ित ने बताया कि मेरे पास सारे कागज थे लेकिन इसके बावजूद वोट नहीं डालने दिया गया। पुलिस ने तमंचा मार दिया। पूरे परिवार को पुलिस ने वापस कर दिया गया। पीड़ित की बहन ने बताया कि पुलिस वालों ने पहले हाथ से मारा फिर बाद में डंडे से मारा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *