प्रधान के बेटे का शव खून से लथपथ कुएं में मिला, घटना स्थल से बरामद हुई शराब की बोतलें

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां करारी थाना क्षेत्र के नेवारी गांव में ग्राम प्रधान ननकी देवी के 22 वर्षीय बेटे अजय कुमार की हत्या कर शव गांव के बाहर एक कुएं में फेंक दिया गया. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू की. 

जानकारी के अनुसार, अजय कुमार बीते शाम अपने दोस्त के साथ घर से बाहर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. सुबह जब परिजन उसकी तलाश में निकले, तो कुएं में उसकी रक्तरंजित लाश मिली. शव देखकर लग रहा था कि उसकी धारदार हथियार से कहीं और हत्या की गई और बाद में शव को ठिकाने लगाने के लिए सुनसान इलाके में स्थित कुएं में फेंका गया. कुएं में शव को छिपाने के लिए ऊपर पुवाल भी डाली गई थी. वहीं, कुएं के पास शराब की बोतल और कपड़े भी पड़े मिले.

परिजनों को जब शक हुआ, तो उन्होंने टॉर्च की रोशनी में कुएं में देखा और लाश पड़ी पाई. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है. इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया.

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव और एडिशनल एसपी राजेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की. एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अजय का अपने दोस्त के साथ झगड़ा हुआ था. आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. नामजद तहरीर के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है और झगड़े का कारण गिरफ्तारी के बाद ही साफ हो सकेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *