पुतिन के भारत दौरे की तैयारी, जल्द होगी तारीखों की घोषणा; क्या ICC गिरफ्तारी वारंट बनेगा खतरा?

हाल के वर्षों में विदेश यात्राओं से परहेज करते रहे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आने वाले महीनों में भारत की यात्रा पर आ सकते हैं। इस यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। हालांकि, जल्द ही पुतिन के दौरे की तारीखों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने इस खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति पुतिन की भारत यात्रा की तारीखों पर चर्चा जारी है और इन्हें शीघ्र सार्वजनिक किया जाएगा। रूस के समाचार सेवा स्पुतनिक के अनुसार, पुतिन की इस यात्रा का उद्देश्य भारत के साथ कूटनीतिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करना है।

हालांकि, पुतिन की इस यात्रा को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी काफी चर्चा हो रही है। अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) ने रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान हुए कथित युद्ध अपराधों के लिए पुतिन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया हुआ है। आईसीसी के रोम स्टैच्यू के तहत सदस्य देशों पर यह दायित्व है कि वे गिरफ्तारी वारंट के तहत आए किसी भी व्यक्ति को हिरासत में लें। लेकिन भारत ने इस संधि पर हस्ताक्षर या उसकी पुष्टि नहीं की है।

गौरतलब है कि भारत और रूस के बीच दशकों पुराने रणनीतिक और आर्थिक संबंध हैं। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, ऊर्जा और व्यापार जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। पुतिन की भारत यात्रा न केवल दोनों देशों के संबंधों को मजबूती देगी, बल्कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति में भी इसका गहरा प्रभाव पड़ सकता है। अब सबकी निगाहें इस यात्रा की आधिकारिक घोषणा और उससे जुड़े घटनाक्रमों पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *