बिलासपुर के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में 5 साल की बच्ची की पिटाई के बाद प्रिंसिपल चितरंजन कुमार राठौर और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) को पद से हटा दिया है।
जिला कलेक्टर अवनीश शरण ने प्रिंसिपल को सस्पेंड करने की सिफारिश भी की है।बड़ी बहन के सामने ही प्रिंसिपल राठौर ने बच्ची को फटकार लगाते हुए थप्पड़ मारा था। यह घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। डांट और मार से बच्ची घबराई हुई है। इसके बाद बड़ी बहन और परिजनों ने मामले की कलेक्टर से शिकायत की थी।दरअसल, पिछले दिनों एक युवती अपनी छोटी बहन को लेकर पचपेड़ी स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल आई थी। इस दौरान वह बच्ची को क्लास रूम में छोड़कर कुछ देर के लिए क्लास रूम से बाहर चली गई। तभी बच्ची रोने लगी। वापस आकर बड़ी बहन उसे शांत करा रही थी।क्लास रूम में प्रिंसिपल चितरंजन कुमार राठौर पहुंच गए। उन्होंने बच्ची डांट-फटकार लगाते हुए गाल में तमाचा जड़ दिया। ये सब क्लास रूम में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया।