परिणय सूत्र में बंधे 366 जोड़े, जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद

अम्बिकापुर . मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत गुरुवार को पीजी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में 366 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इस अवसर पर उपस्थित अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल ने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद और बधाई दी। उन्होंने कहा कि योजना में बड़ा बदलाव लाते हुए शासन द्वारा वधू के खाते में इस वर्ष 35 हजार रुपए की राशि देने की शुरुआत की गई है, जिससे वे अपने दाम्पत्य जीवन के लिए अपनी इच्छा अनुसार राशि का उपयोग कर सके। उन्होंने सभी जोड़ों को सुखी जीवन की शुभकामनाएं प्रेषित की।

सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने नवविवाहित जोड़ों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अन्तर्गत सरगुजा जिले में 366 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे हैं। वे नए जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं। शासन की इस योजना से उन गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बड़ी मदद होती है, जिन्हें कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण सामान्य रूप से विवाह का खर्च उठाने में दिक्कतें होती है। जरूरतमंद परिवारों की इन्हीं समस्याओं को दूर करने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना महती भूमिका निभा रही है।

छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय तोमर ने इस अवसर पर सभी दंपत्तियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी और उनके सुखद दाम्पत्य जीवन की कामना की।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के व्यय मापदंडों में बदलाव लाते हुए अब वधु के खाते में 35 हजार रुपए डीबीटी के माध्यम से भेजे जा रहे हैं। विवाह आयोजन व्यवस्था में 8 हजार रुपए एवं वैवाहिक सामग्री हेतु 7 हजार रुपए निर्धारित किए गए हैं। इस तरह प्रति जोड़ा 50 हजार रुपए की राशि निर्धारित है।

योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ नूतन कंवर, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, महिला एवं बाल विकास विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारीगण, विवाहित जोड़े और उनके परिजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *