प्यार का पंचनामा 2′ एक्ट्रेस करिश्मा शर्मा चलती ट्रेन से कूदीं, अस्पताल में चल रहा इलाज, दोस्त ने बताई हालत

प्यार का पंचनामा 2 और रागिनी एमएमएस रिटर्न्स जैसी फिल्मों में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस करिश्मा शर्मा मुंबई में एक गंभीर हादसे का शिकार हो गईं। बुधवार को वह चलती लोकल ट्रेन से कूद गईं, जिस वजह से उनके सिर और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उनकी हालत पर नजर रख रहे हैं।

शूटिंग पर जाने के दौरान हुआ हादसा

यह घटना तब हुई जब करिश्मा चर्चगेट में एक शूट के लिए जा रही थीं। उन्होंने खुद इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए इस घटना के बारे में बताया। उन्होंने लिखा कि उन्होंने साड़ी पहनकर ट्रेन पकड़ी, लेकिन जैसे ही वह ट्रेन में चढ़ीं, ट्रेन की स्पीड बढ़ गई। जब उन्होंने देखा कि उनके दोस्त ट्रेन नहीं पकड़ पा रहे हैं, तो वे डर गईं और उन्होंने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी।

सिर पर आई गंभीर चोट

ट्रेन से कूदने के बाद करिश्मा पीठ के बल गिरीं, जिससे उनके सिर में भी गंभीर चोट आई है। उन्होंने बताया कि उनकी पीठ में चोट है, सिर पर सूजन है और पूरे शरीर पर चोट के निशान हैं। डॉक्टरों ने सिर की चोट कितनी गंभीर है, इसका पता लगाने के लिए एमआरआई (MRI) कराने की सलाह दी है। फिलहाल, उन्हें एक दिन के लिए डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

फैन्स से की अपील

करिश्मा ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, ‘मुझे कल से बहुत दर्द हो रहा है, लेकिन मैं मजबूत बनी हुई हूं।’ उन्होंने अपने फैन्स से जल्द ठीक होने के लिए प्रार्थना करने की अपील भी की।

दोस्त ने शेयर की अस्पताल की फोटो

करिश्मा की एक दोस्त ने भी अस्पताल से उनकी एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वे बेड पर लेटी हुई हैं और उन्हें ड्रिप लगी हुई है। दोस्त ने लिखा, ‘यकीन नहीं हो रहा कि यह हुआ। मेरी दोस्त ट्रेन से गिर गई और उसे कुछ भी याद नहीं है। हमने उसे जमीन पर पड़ा देखा और तुरंत अस्पताल लेकर आए। प्लीज उनके लिए दुआ करें।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *