आर अश्विन ने चुनी अपनी प्लेइंग 11, सीरीज को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी

नई दिल्ली। पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन का चयन किया है। उन्होंने ये भी बताया है कि इस सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट कौन लेगा और किस बल्लेबाज के बल्ले से सबसे ज्यादा रन निकलेंगे। लीड्स में होने वाले पहले मैच में आर अश्विन सिर्फ एक स्पिनर प्लेइंग इलेवन में चाहते हैं। उन्होंने ये भी कहा है कि बैटिंग डिपार्टमेंट में साई सुदर्शन और करुण नायर दोनों को होना चाहिए।

रोहित शर्मा और विराट कोहली के रिटायरमेंट के बाद कुछ बदलाव प्लेइंग इलेवन में होने थे और इसकी पुष्टि भी हो चुकी है। हालांकि, ओपनिंग अभी भी यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल करेंगे, लेकिन नंबर तीन अभी पक्का नहीं हैं। चार पर कप्तान शुभमन गिल और पांच पर खुद ऋषभ पंत खेलेंगे। छठे नंबर पर कौन खेलेगा, ये भी सवाल होगा। अश्विन ने नंबर तीन के लिए साई सुदर्शन को बैक किया है और नितीश रेड्डी की जगह पेस ऑराउंडर के तौर पर शार्दुल ठाकुर को चुना है।

अश्विन ने पहले मैच से पहले प्लेइंग इलेवन चुनते हुए अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल, ऋषभ पंत, करुण नायर, रविंद्र जड़ेजा, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा। नंबर 6 पर करुण नायर या ध्रुव जुरेल में से कोई एक हो सकता है। आप करुण के फॉर्म को नजरअंदाज नहीं कर सकते, लेकिन मुझे लगता है कि जुरेल के आने की संभावना है। जब ऑस्ट्रेलिया में बुमराह ने खराब प्रदर्शन किया, तो हमारे पास गेंदबाजी के विकल्प नहीं थे। तो नंबर 8 पर आप शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव या किसी अन्य फ्रंटलाइन पेसर को खिलाना चाहेंगे।”

अश्विन ने चोट के संकट के बीच पांच मैचों की सीरीज में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज के तौर पर क्रिस वोक्स का समर्थन किया। वहीं, पूर्व स्पिनर ने शुरुआत में केएल राहुल को सीरीज में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के तौर पर चुना था, लेकिन बाद में उन्होंने ऋषभ पंत को चुना, क्योंकि नई गेंद ओपनिंग बल्लेबाज के लिए मुश्किल पैदा कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *