माही भाई की मौजूदगी से भारतीय टीम को मिलेगी नई ऊर्जा, राहुल को है उम्मीद

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला रविवार को रांची में खेला जाएगा। पहले मुकाबले के लिए दोनों टीमों ने जमकर तैयारी की है। वहीं भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ी वनडे सीरीज से पहले पूर्व कप्तान एमएस धोनी से उनके घर पर मिल और साथ में डिनर भी किया। विराट कोहली का एमएस धोनी के साथ गाड़ी में बैठकर जाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। वहीं सीरीज शुरू होने से पहले कप्तान केएल राहुल ने कहा है कि अगर धोनी मैच देखने आते हैं, तो टीम इंडिया उनके लिए जीत हासिल करने को लेकर बहुत उत्साहित है।

राहुल ने कहा कि रांची में खेलना हमेशा खास रहा है, क्योंकि यह शहर क्रिकेट की धड़कनों से भरा हुआ है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, ”यह महेंद्र सिंह धोनी का शहर है… यहां क्रिकेट नस-नस में दौड़ता है। अगर माही भाई स्टेडियम में मैच देखने आते हैं, तो वह पल हमारे लिए बहुत खास होगा। यहां दर्शकों का समर्थन हमेशा जबरदस्त रहता है।” राहुल के इस बयान ने प्रेस रूम में मौजूद पत्रकारों के चेहरे पर भी मुस्कान ला दी।

पत्रकारों द्वारा किए गए सवालों का जवाब देते हुए राहुल ने टीम संयोजन, विकेटकीपिंग विकल्प और स्पिनर्स के खिलाफ टीम की चुनौतियों पर भी खुलकर बात की। ऋषभ पंत की भूमिका पर पूछे गए सवाल के जवाब में राहुल ने कहा कि अंतिम निर्णय मैच के दिन ही होगा।

राहुल ने कहा,”पंत भी टीम में हैं… वह शानदार फॉर्म में हैं। यह कल ही तय हो पाएगा कि वह विकेटकीपिंग करेंगे या सिर्फ बैटिंग पर ध्यान देंगे। टीम मैनेजमेंट इस पर विचार कर रहा है।” टीम इंडिया हाल के दिनों में स्पिनर्स के खिलाफ कमजोर नजर आई है। इस पर भी राहुल ने साफ कहा कि टीम इस चुनौती को अच्छी तरह समझती है और इसे सुधारने के लिए निरंतर काम कर रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया,”पुराने और अनुभवी बैट्समैन से हम लगातार सीख रहे हैं कि स्पिन को बेहतर कैसे खेलें। आने वाले समय में हम इस विभाग में और मजबूत होंगे। हर सत्र में हम स्पिनरों पर खास फोकस करके प्रैक्टिस कर रहे हैं।” बॉलिंग और बैटिंग रणनीति को लेकर राहुल ने ज्यादा खुलासा तो नहीं किया, लेकिन यह जरूर कहा कि टीम हालात के अनुसार अपनी प्लानिंग कर चुकी है। उन्होंने बताया कि इस विकेट पर शुरुआत में बैटिंग थोड़ी चुनौतीपूर्ण हो सकती है, लेकिन मिडल ओवर्स में रन बनाने के अवसर जरूर मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *