कानपुर टेस्ट में बारिश बनी विलेन, पूरी तरह धुला आज का खेल, अब तीसरे द‍िन का इंतजार

भारत और बांग्लादेश टीम के बीच कानपुर टेस्ट मैच का दूसरा द‍िन (28 सितंबर) बारिश के चलते पूरी तरह धुल गया. है. दूसरे दिन एक भी गेंद नहीं फेंकी गई. दूसरे दिन स्टम्प तक पहली पारी में बांग्लादेश का स्कोर तीन विकेट पर 107 रन है. मोमिनुल हक 40 और मुश्फिकुर रहीम 6 रन पर नाबाद हैं. शनिवार को कानपुर में भारी बारिश हुई, जिसके चलते परिस्थितियां खेल शुरू कराने लायक नहीं थीं.

खराब रोशनी और बार‍िश के कारण पहले दिन सिर्फ 35 ओवर का खेल हो सका. मैच में टॉस भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला क‍िया. रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया ने चेन्नई टेस्ट मैच में बांग्लादेश के खिलाफ 280 रनों से जीत हासिल की थी. रव‍िचंद्रन अश्व‍िन ने कमाल का ऑलराउंड प्रदर्शन किया था.

बांग्लादेश की पहली पारी: शुरुआत रही खराब 
बांग्लादेश ने इस मुकाबले में सधी शुरुआत की. लेक‍िन मैच में अपना ओवर ही करने आए आकाश दीप ने जाक‍िर हसन को स्ल‍िप में यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच आउट करवाया. उस समय बांग्लादेश टीम का स्कोर 26 रन हुआ था. वहीं स्कोरबोर्ड पर 29 रन ही टंगे थे, तो आकाश दीप ने शादमान इस्लाम (24) को LBW क‍िया. लंच तक बांग्लादेश का स्कोर 74/2 हुआ. लेकिन लंच के तुरंत बाद अश्व‍िन की गेंद पर कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (31) रन पर LBW हो गए. 

60 साल बाद ग्रीनपार्क में पहली बार हुआ ऐसा

कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम के आंकड़े देखे जाएं तो एक बेहद द‍िलचस्प चीज निकलकर सामने आती है. कानपुर में 24 टेस्ट मैचों में केवल एक बार ऐसा हुआ था, किसी टीम ने टॉस जीतकर पहले फील्ड‍िंग चुनी. तब यह टेस्ट मैच भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया था. यह मैच 1964 में खेला गया था. उस मुकाबले में त‍ब भारतीय टीम ने टॉस जीता था और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, यह मुकाबला ड्रॉ रहा था. यानी एक बात तो साफ है कि अमूमन स्प‍िनर्स के लिए स्वर्ग कही जाने वाली इस प‍िच पर पहले गेंदबाजी करना किसी भी टीम को रास नहीं आता है. रोह‍ित शर्मा ऐसे में दूसरे ऐसे भारतीय कप्तान हैं, ज‍िन्होंने 60 साल बाद कानपुर में टॉस जीतने के बाद पहले फील्ड‍िंंग करने का फैसला क‍िया है.  

2021 के कानपुर में टेस्ट में क्या हुआ था? 
2021 में न्यूजीलैंड के खिलाफ कानपुर में खेले गए आखिरी टेस्ट में भारत ने अश्विन, जडेजा और अक्षर के रूप में तीन स्पिनरों को उतारा था. जो 2016 के बाद से इस मैदान पर खेला गया पहला टेस्ट था, तब भी यह टेस्ट मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ ही खेला गया था. उन दोनों टेस्ट में एक बात समान थी कि दोनों ही पांच दिन तक चले थे. 2016 में भारत ने आराम से जीत दर्ज की थी, जबकि 2021 में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने खेल को ड्रॉ कराने के लिए गजब की जीवटता द‍िखाई थी. 

कानपुर की प‍िच पर गेंदबाजों के लिए यह एक कठिन काम हो सकता है, लेकिन बल्लेबाज आसानी से सांस ले सकते हैं और इस सतह पर बड़ा स्कोर बना सकते हैं. 2021 के टेस्ट में श्रेयस अय्यर ने डेब्यू पर एक शतक और एक अर्धशतक बनाया और टॉम लाथम ने भारतीय स्पिनरों के खिलाफ डिफेंस कर बल्लेबाजी का मास्टरक्लास पेश किया, जिसमें दो अर्धशतक शामिल थे. 

कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में भारत के आंकड़े 
1952 में कानपुर के ग्रीनपार्क में सबसे पहले कोई टेस्ट मैच खेला गया था. तब से अब तक यहां कुल 23 टेस्ट मैच खेले गए हैं. इन 23 मैचों में भारतीय टीम ने 7 मुकाबले यहां जीते हैं. वहीं 3 मुकाबलों में उसे हार मिली है. वहीं 13 मैच ड्रॉ रहे हैं. बांग्लादेश की टीम कानपुर के मैदान में पहली बार कोई टेस्ट मैच खेलने उतर रही है. 

17 सीरीज से भारत है अजेय 
भारत का घरेलू जमीन पर रिकॉर्ड शानदार रहा है. साल 2012 से घर में टीम इंड‍िया ने धांसू खेल द‍िखाया है. तब से भारत अपने घर में एक भी टेस्ट सीरीज में नहीं हारा. यानी नवंबर 2012 से भारत लगातार 17 घरेलू टेस्ट सीरीज में अपराजित है. दूसरी ओर बांग्लादेशी टीम पाकिस्तान को 2-0 से सीरीज में रौंदने के बाद भारत आई है. ऐसे में उसका हौसला बुलंद है.

भारतीय टीम यदि कानपुर टेस्ट को जीतती या ड्रॉ करवाती है, तो उसकी यह घर पर लगातार 18वीं टेस्ट सीरीज जीत होगी.  भारत ऐसी पहली टीम है जिसने अपने घर पर लगातार 17 टेस्ट सीरीज जीती. अब उसके पास अपने रिकॉर्ड को और बेहतर करने का मौका है. इस मामले में दूसरे नंबर पर कंगारू टीम है जिसने घर में लगातार 10 टेस्ट सीरीज जीती थी. हालांकि, ऑस्ट्रेलिया घर में दो बार लगातार 10 टेस्ट सीरीज जीतने वाली पहली टीम है. उसने पहली सीरीज नवंबर 1994 से नवंबर 2000 तक जीती. जबकि दूसरी सीरीज जुलाई 2004 से नवंबर 2008 के बीच जीती थी.

टीमलगातार घरेलू टेस्ट सीरीजकब सेकब तक
 भारत 17 फरवरी 2013 अभियान जारी
 ऑस्ट्रेलिया 10 नवंबर 1994 नवंबर 2000
 ऑस्ट्रेलिया 10 जुलाई 2004 नवंबर 2008
 वेस्टइंडीज 8 मार्च 1976 फरवरी 1986
 वेस्टइंडीज 7 मार्च 1998 नवंबर 2001
 साउथ अफ्रीका 7 मई 2009 मई 2012

भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट मैच हेड टू हेड 
कुल मैच 14 
भारत जीता 12 
बांग्लादेश जीता 0 
ड्रॉ 2  

भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज 
2000: बांग्लादेश मेजबान: भारत 1-0 से जीता 
2004: बांग्लादेश मेजबान: भारत 2-0 से जीता 
2007: बांग्लादेश मेजबान: भारत 1-0 से जीता (2 मैच की सीरीज)
2010: बांग्लादेश मेजबान: भारत 2-0 से जीता 
2015: बांग्लादेश मेजबान: 0-0 (ड्रॉ)
2017: भारत मेजबान: भारत 1-0 से जीता 
2019: भारत मेजबान: भारत 2-0 से जीता 
2022: बांग्लादेश मेजबान: भारत 2-0 से जीता

भारत की कानपुर टेस्ट में प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, आकाश दीप, मोहम्मद सिराज.

बांग्लादेश की कानपुर टेस्ट में प्लेइंग इलेवन: शादमान इस्लाम, जाकिर हसन, नजमुल हुसैन शांतो (कप्तान), मोमिनुल हक, मुश्फिकुर रहीम, शाकिब अल हसन, लिट्टन दास (व‍िकेटकीपर), मेहदी हसन मिराज, तैजुल इस्लाम, हसन महमूद, खालिद अहमद.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *