राजस्थान शिक्षा विभाग ने बुधवार सुबह उदयपुर स्थित उस स्कूल के प्रिंसिपल को निलंबित कर दिया, जहां होमवर्क को लेकर हुए विवाद के बाद एक 15 वर्षीय लड़के की उसके सहपाठी ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पिछले दिनों शहर में सांप्रदायिक हिंसा भी हुई थी।
यह घटना शुक्रवार की है जब दो नाबालिगों के बीच बहस हो गई थी। कुछ दिनों से उनके बीच विवाद चल रहा था, क्योंकि आरोपी ने होमवर्क की कॉपी मांगी थी। पीड़ित ने इसे किसी और को दे दिया था। उदयपुर के पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने कहा कि शुक्रवार को जब दोनों के बीच तीखी बहस हुई तो आरोपी ने पीड़ित को चाकू मार दिया, जिससे उसके पेट में गंभीर चोट लग गई।
पीड़ित छात्र को एमबी अस्पताल पहुंचाया गया। चार दिन तक मौत से जूझने के बाद आखिरकार छात्र देवराज ने दम तोड़ दिया था। बच्चे की मौत के बाद उसके परिजनों ने उचित मुआवजे, आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और स्कूल स्टाफ को हटाने की मांग की थी।