रील बनाने खुली जीप से निकला राजस्थान के डिप्टी सीएम का बेटा, आगे-पीछे पुलिस एस्कॉर्ट,

राजस्थान के उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा (Deputy CM Premchand Bairwa) के बेटे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में डिप्टी सीएम का बेटा आशु बैरवा टशन में खुले हुड की जीप दौड़ाता दिख रहा है. जीप के आगे-पीछे पुलिस एस्कॉर्ट करते हुए नजर आ रही है.

आशु बैरवा के साथ तीन अन्य युवक भी हैं, जिसमें से एक का नाम कार्तिकेय भारद्वाज बताया जा रहा है. कार्तिकेय कांग्रेस नेता पुष्पेंद्र भारद्वाज का बेटा है, जिन्होंने वर्तमान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सामने सांगानेर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था. हालांकि मौज-मस्ती और रीलबाजी के लिए नेताओं के इन बेटों को पुलिस एस्कॉर्ट किस वजह से मिला, यह बात समझ से परे है.

वहीं डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा के पास परिवहन विभाग का भी चार्ज है, लेकिन उनके ही बेटे हाथ छोड़कर गाड़ी चला कर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं

वायरल वीडियो में चार लड़के खुली जीप में सवार हैं, जो बरसात के मौसम में भीगते हुए एन्जॉय करते नजर आ रहे हैं. उनके पीछे-पीछे पुलिस की गाड़ी चल रही है, जो कभी जीप के आगे तो कभी पीछे दौड़ती नजर आ रही है. हालांकि यह वीडियो कब और कहां का है, यह स्पष्ट नहीं है.

दावा किया जा रहा है कि जीप चलाने वाला युवक उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा का बेटा है और दूसरी साइड कांग्रेस नेता पुष्पेंद्र भारद्वाज का बेटा बैठा है. जो गाड़ी डिप्टी सीएम का बेटा ड्राइव कर रहा है, वो कांग्रेस नेता के बेटे की है. यह वीडियो भी कांग्रेस नेता पुष्पेंद्र भारद्वाज के बेटे कार्तिकेय भारद्वाज के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है, जिसकी टैगलाइन में ‘राजनीति हो या सड़क, हम हर जगह अपनी चाल चलते हैं’ लिखा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *